श्री महावीर जी में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ 26वाँ यंग जैना अवार्ड (YJA) 2026 समारोह

धर्म

श्री महावीर जी में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ 26वाँ यंग जैना अवार्ड (YJA) 2026 समारोह

 

*देशभर की जैन मेधावी प्रतिभाओं का सम्मान; 2,422 आवेदन, 23 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के विद्यार्थियों की सहभागिता, डॉ. रेणु जैन एवं वरिष्ठ पत्रकार सुश्री शोभना जैन रहीं मुख्य अतिथि*

 

*श्री महावीर जी, राजस्थान।*

*परम पूज्य आचार्य श्री  108विद्यासागर जी महाराज* एवं *पूज्य आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज* के परम आशीर्वाद तथा *पूज्य मुनि श्री क्षमासागर जी महाराज* की पावन प्रेरणा से मैत्री समूह द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित *26वाँ यंग जैना अवार्ड (YJA) 2026 समारोह* 16 से 18 अक्टूबर तक सुप्रसिद्ध जैन तीर्थ श्री महावीर जी, राजस्थान में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर की मेधावी जैन छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

 

 

               समारोह में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर की पूर्व कुलगुरु *डॉ. रेणु जैन* तथा सुप्रसिद्ध वरिष्ठ पत्रकार, अंतरराष्ट्रीय मामलों की विशेषज्ञ एवं इंडियन विमेन्स प्रेस कॉर्प्स (IWPC) की पूर्व अध्यक्ष *सुश्री शोभना जैन* मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास, समसामयिक विषयों की समझ तथा जीवन में नैतिक मूल्यों के महत्व से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके अनुभवों और विचारों ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की प्रेरणा दी।

               मैत्री समूह के *डॉ. सुजश जैन ‘मारौरा’* ने बताया कि वर्ष 2001 में शिवपुरी (म. प्र.) से प्रारम्भ हुई *यंग जैना अवार्ड* की यात्रा आज जैन समाज की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाला एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अभियान बन चुकी है। इस पहल का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना भी है।

*3 देशों, 23 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से मिली प्रविष्टियाँ*

               यंग जैना अवार्ड (YJA) 2026 ने इस वर्ष राष्ट्रीय सीमाओं से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान दर्ज कराई। मैत्री समूह द्वारा जारी आँकड़ों के अनुसार, इस वर्ष *कुल 2,422 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जिनमें 3 देशों तथा भारत के 23 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के* विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इसके साथ ही 20 विभिन्न शैक्षणिक बोर्डों के विद्यार्थियों की भागीदारी ने इस आयोजन की व्यापकता को रेखांकित किया। यह उपलब्धि यंग जैना अवार्ड की बढ़ती लोकप्रियता और जैन समाज की युवा प्रतिभाओं को एक साझा मंच पर लाने के प्रयासों का प्रमाण है।

               शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए 330 विद्यार्थियों ने *कम-से-कम एक विषय में 100 प्रतिशत अंक* प्राप्त किए। वहीं, *80 विद्यार्थियों का चयन JEE, PET, PMT, NTSE आदि प्रतियोगी परीक्षाओं* में तथा *46 विद्यार्थियों का चयन CPT/CLAT में* हुआ। इसके अतिरिक्त, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के 55 विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ भी इस आयोजन की व्यापकता को दर्शाती हैं।

               इस वर्ष कुल सम्मानित विद्यार्थियों में *59 प्रतिशत छात्राओं की भागीदारी* महिला सशक्तीकरण और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी प्रगति का उल्लेखनीय उदाहरण रही। साथ ही, छह दिव्यांग अभ्यर्थियों की सहभागिता ने प्रतिभा को समान अवसर प्रदान करने की भावना को रेखांकित किया।

 

*शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व विकास पर बल*

               समारोह में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया गया। करियर मार्गदर्शन, प्रेरक विचारों तथा शैक्षणिक संवाद के माध्यम से युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना करने और अपनी प्रतिभा का उपयोग समाजहित में करने के लिए प्रेरित किया गया।

               यंग जैना अवार्ड केवल पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि *शिक्षा, संस्कार, धर्म, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना का संगम* है। श्री महावीर जी की पावन भूमि पर सम्पन्न इस आयोजन ने युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिक शिक्षा और विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने का संदेश दिया।

               *मैत्री समूह* का यह निरंतर प्रयास जैन समाज की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने, उनमें सेवा, सदाचार और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। *26वें यंग जैना अवार्ड* का सफल आयोजन शिक्षा और संस्कारों के समन्वय के माध्यम से एक जागरूक, आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार युवा पीढ़ी के निर्माण के संकल्प को और सुदृढ़ करता है।

      संकलित जानकारी के साथ अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *