# आंगनबाड़ी मिलन सेवा समारोह में महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक, कार्यकर्ताओं का सम्मान
**आंगनबाड़ी केंद्र पर गोद भराई, अन्नप्राशन और प्रवेश उत्सव के साथ पोषण का दिया संदेश**
**रामगंजमंडी।*
* विकसित भारत जन सेवा राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आंगनबाड़ी मिलन सेवा समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान को सम्मानित किया गया।
शहर के आवासन मंडल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित समारोह में पार्षद अंजना गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी धन कंवर चंद्रावत, निहारिका चौहान एवं रुक्मणी गहलोत ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजे गए सम्मान पत्र तथा तुलसी के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।

## गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार के साथ मनाया प्रवेश उत्सव
कार्यक्रम में मातृत्व और बाल विकास से जुड़े पारंपरिक एवं महत्वपूर्ण आयोजनों को भी विशेष स्थान दिया गया। गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म निभाई गई, वहीं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके साथ ही बच्चों के आंगनबाड़ी केंद्र में प्रवेश को उत्सव के रूप में मनाया गया। इन आयोजनों के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य, शिशु देखभाल और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
## पोषण माह के तहत दी पौष्टिक आहार की जानकारी
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संध्या जैन ने राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत उपस्थित महिलाओं एवं लाभार्थियों को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने पोषणयुक्त भोजन, हरी सब्जियों और फलों के सेवन तथा बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास में पौष्टिक आहार की भूमिका के प्रति जागरूक किया।
समारोह में आंगनबाड़ी पाठशाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के माध्यम से सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने हरी सब्जियों और फलों के रूप धारण कर पोषण का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों के जरिए यह समझाने का प्रयास किया गया कि स्वस्थ जीवन के लिए पौष्टिक भोजन कितना आवश्यक है।
## फैंसी ड्रेस के जरिए पूर्व-प्राथमिक शिक्षा का संदेश
बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से आंगनबाड़ी पाठशाला में मिलने वाली पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की जानकारी भी दी। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी शुरुआती शिक्षा, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अशोक कसौलिया एवं कनिष्ठ लिपिक महेश मीणा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्यों और लाभों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया।
समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण जागरूकता, बाल विकास, महिला सशक्तीकरण और आंगनबाड़ी सेवाओं के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।





