आरके मार्बल ग्रुप के संस्थापक भामाशाह कंवरलाल पाटनी को राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
### किशनगढ़ पहुंचकर पाटनी परिवार को दी सांत्वना, उद्योग, समाजसेवा और गुरु भक्ति में उनके योगदान को किया याद
**किशनगढ़।**
देश के प्रसिद्ध उद्योगपति, समाजसेवी एवं भामाशाह स्वर्गीय श्री कंवरलाल पाटनी के निधन से किशनगढ़ सहित संपूर्ण जैन समाज में शोक की लहर है। उनके निधन को समाज, उद्योग जगत और सेवा के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए देशभर से गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं शुभचिंतक किशनगढ़ स्थित आरके हाउस पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को **राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ** के श्री प्रशांत गुरहा एवं श्री चक्रेश सिंघई, प्रशांत जैन सनौधा ने आरके हाउस पहुंचकर आरके मार्बल ग्रुप के श्री अशोक पाटनी सहित समस्त पाटनी परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय कंवरलाल पाटनी के व्यक्तित्व, कृतित्व, समाजसेवा, दानशीलता और जैन धर्म के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। संघ की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि पत्र भी प्रेषित किया गया।

### संघर्ष, समर्पण और सफलता की त्रिवेणी थे कंवरलाल पाटनी
राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ की ओर से प्रेषित श्रद्धांजलि पत्र में स्वर्गीय श्री कंवरलाल पाटनी को संघर्ष, समर्पण और सफलता की त्रिवेणी बताते हुए उनके प्रेरणादायी जीवन को नमन किया गया। पत्र में कहा गया कि उन्होंने अपनी मेहनत, दूरदर्शिता और सेवाभावी सोच से उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान बनाई। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।


श्रद्धांजलि पत्र में पाटनी परिवार के संस्कारों और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि कंवरलाल पाटनी ने अपनी संतानों को ऐसे संस्कार दिए, जिनसे जैन समाज गौरवान्वित महसूस करता है। उनके पुत्रों और पुत्रवधुओं की सरलता, विनम्रता, दानशीलता और सेवाभाव परिवार की विशिष्ट पहचान है।
पत्र में श्री अशोक पाटनी के व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कहा गया कि बड़े व्यक्तित्व के धनी होने के बावजूद उनकी विनम्रता और दूसरों को सम्मान देने की भावना अनुकरणीय है। यही संस्कार परिवार के अन्य सदस्यों श्री सुरेश पाटनी और श्री विमल पाटनी में भी दिखाई देते हैं। यह परिवार के संस्कारों और आदर्शों की गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है।


### गुरु भक्ति और धर्म प्रभावना में भी रहा विशेष योगदान
श्रद्धांजलि पत्र में पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं जगत पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री सुधासागर जी महाराज सहित जैन संतों के प्रति पाटनी परिवार की श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का भी उल्लेख किया गया। पत्र में इसे भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और गुरु परंपरा के प्रति सम्मान का प्रेरक उदाहरण बताया गया।
### किशनगढ़ को वैश्विक पहचान दिलाने में रहा अहम योगदान
आरके ग्रुप के माध्यम से उद्योग, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में पाटनी परिवार के योगदान को रेखांकित करते हुए श्रद्धांजलि पत्र में कहा गया कि इस परिवार ने किशनगढ़ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उद्योगों के विस्तार, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने जैसे प्रयासों ने क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति प्रदान की।
पत्र में कहा गया कि स्वर्गीय कंवरलाल पाटनी का व्यक्तित्व उद्योग, समाजसेवा, संवेदनशील नेतृत्व और परोपकार का संगम था। उनका निधन केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि समाज और उद्योग जगत की भी बड़ी क्षति है। उनके द्वारा स्थापित आदर्श, सेवा की भावना और संस्कार सदैव लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
अंत में राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ की ओर से पाटनी परिवार के पितृपुरुष स्वर्गीय श्री कंवरलाल पाटनी को शत-शत नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्री प्रशांत जैन गुरहा एवं श्री चक्रेश सिंघई प्रशांत जैन सनोधा
राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ
प्रशांत जैन प्रशांत गुरहा
नगर संचालक खुरई
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312
