वसुंधरा राजे ने भामाशाह कंवरलाल पाटनी को अर्पित की श्रद्धांजलि, आरके हाउस पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
समाजसेवा, परोपकार और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान को किया याद**
**किशनगढ़।**
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे शुक्रवार को झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह के साथ किशनगढ़ स्थित आरके हाउस पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रसिद्ध भामाशाह एवं समाजसेवी स्वर्गीय कंवरलाल पाटनी के चित्र के समक्ष नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
समाजसेवा और परोपकार में योगदान को किया याद
वसुंधरा राजे ने आरके मार्बल ग्रुप के अध्यक्ष अशोक पाटनी सहित सुरेश पाटनी और विमल पाटनी से मुलाकात कर स्वर्गीय कंवरलाल पाटनी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि समाजसेवा, परोपकार और जनकल्याण के क्षेत्र में कंवरलाल पाटनी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है। इस दुख की घड़ी में उन्होंने शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की।
**रिपोर्ट: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी**






