हाथ पकड़कर कुर्सी तक ले गए मंत्री दिलावर, नरेंद्र काला ने संभाला नगर पालिका अध्यक्ष का पदभार
महेंद्र सामरिया ने भी संभाली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, समर्थकों ने ढोल-डीजे के साथ किया जोरदार स्वागत
रामगंजमंडी।
अनंत चतुर्दशी की पावन बेला रामगंजमंडी के लिए यादगार बन गई, जब नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला ने समर्थकों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में नगर पालिका पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इसी अवसर पर नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया ने भी उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली।

नरेंद्र काला अपने आवास से बड़ी संख्या में समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ डीजे की धुन पर नगर पालिका के लिए रवाना हुए। रास्ते में जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा माहौल अभिनंदन एवं उल्लास से सराबोर नजर आया।
पूर्व अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल का भी हुआ जोरदार स्वागत
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल भी नगर पालिका पहुंचे। समर्थकों ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया। नगर पालिका परिसर में पहुंचते ही समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया और उत्साह के साथ नगर पालिका में प्रवेश कराया। यह दृश्य भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।
पार्षदों का भी हुआ अभिनंदन
नगर पालिका परिसर में नवनिर्वाचित पार्षदों का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अध्यक्ष कक्ष में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन हुआ। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर, भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना और आरती के बाद एक भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। मंत्री मदन दिलावर ने नरेंद्र काला का हाथ थामकर उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया और पदभार ग्रहण कराया। वरिष्ठ नेता द्वारा अपने कार्यकर्ता को सम्मानपूर्वक पद पर आसीन कराने का यह दृश्य समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
इसके बाद मंत्री मदन दिलावर ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया का भी स्वागत किया और उन्हें उपाध्यक्ष पद पर आसीन कराया। महेंद्र सामरिया रामगंजमंडी के वार्ड 18 से निर्वाचित पार्षद हैं और उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं।
पवन बाबेल ने दी शुभकामनाएं, नजर आया लोकतांत्रिक सौहार्द
कार्यक्रम में कांग्रेस की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे पवन बाबेल भी पहुंचे। उन्होंने नवनिर्वाचित बोर्ड, अध्यक्ष नरेंद्र काला और उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया को शुभकामनाएं दीं तथा नगरहित में सकारात्मक कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान लोकतंत्र का एक खूबसूरत पक्ष भी दिखाई दिया—चुनाव में प्रतिस्पर्धा के बाद परिणाम आते ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के स्थान पर आपसी सम्मान और सौहार्द का भाव नजर आया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक केबिनेट मंत्री श्री मदन दिलावर ने कहा कि नया नगर पालिका बोर्ड रामगंजमंडी के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को भी बधाई दी।
तीन दशक से अधिक का राजनीतिक सफर, अब नगर पालिका की कमान
नरेंद्र काला का नगर पालिका अध्यक्ष तक पहुंचने का सफर अचानक मिली किसी जिम्मेदारी की कहानी नहीं, बल्कि लंबे समय से जारी संगठनात्मक सक्रियता और राजनीतिक संघर्ष से जुड़ा रहा है।
1 जनवरी 1973 को रामगंजमंडी में जन्मे नरेंद्र काला ने वर्ष 1995 में भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद संगठन में सक्रियता बढ़ाते हुए वर्ष 2000 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
वर्ष 2005 में उन्होंने नगर पालिका चुनाव लड़ा, हालांकि तत्कालीन नगर पालिका उपाध्यक्ष राजकुमार पारख के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी उन्होंने राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता जारी रखी।
वर्ष 2006 से 2010 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2015 में उन्हें रामगंजमंडी नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष बनाया गया और वर्ष 2021 तक उन्होंने इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। वर्तमान में वे भाजपा कोटा देहात जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
राजनीति के साथ सामाजिक-व्यावसायिक क्षेत्र में भी सक्रिय
नरेंद्र काला की सक्रियता राजनीति तक सीमित नहीं रही। वर्ष 2007 में वे स्मॉल स्केल स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। वर्ष 2010 में भी उन्होंने इस जिम्मेदारी को संभाला।
वर्ष 2013 में उन्होंने संगठन के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा, जिसमें मामूली अंतर से हार मिली। इसके बाद वर्ष 2019 में वे इसी संगठन के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वर्ष 2022 के चुनाव में फिर मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने प्रयास जारी रखे।
वर्ष 2025 में नरेंद्र काला निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए और वर्तमान में वे इस संगठन के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
एक साथ दो अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद नरेंद्र काला अब रामगंजमंडी नगर पालिका अध्यक्ष के साथ-साथ स्मॉल स्केल स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। ऐसे में उनके सामने नगर विकास के साथ औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभाने की चुनौती और जिम्मेदारी होगी।
आदर्श और विकसित रामगंजमंडी बनाने का संकल्प
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र काला का कहना है कि उनका लक्ष्य रामगंजमंडी को आदर्श एवं विकसित नगर के रूप में आगे बढ़ाना है। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, विकास कार्यों को गति देना और शहर को विकास की नई दिशा में आगे ले जाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
तीन दशक से अधिक समय से भाजपा संगठन से जुड़े नरेंद्र काला के लिए नगर पालिका अध्यक्ष का पद उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। वर्ष 2005 की चुनावी हार से लेकर वर्ष 2026 में नगर पालिका अध्यक्ष बनने तक का सफर उनके लिए लगातार प्रयास, संगठनात्मक सक्रियता और राजनीतिक संघर्ष की कहानी रहा है।
अभिषेक जैन लुहाड़िया
रामगंजमंडी की रिपोर्ट
मो. 9929747312




