वार्डवासियों का अपार समर्थन मिल रहा, सेवा का अवसर मिला तो वार्ड को बनाएंगे आदर्श” : गोवर्धन सोनी

Politics

“वार्डवासियों का अपार समर्थन मिल रहा, सेवा का अवसर मिला तो वार्ड को बनाएंगे आदर्श” : गोवर्धन सोनी

वार्ड 11 में कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधा मुकाबला, गोवर्धन सोनी ने गिनाईं प्राथमिकताएं; बोले—स्वच्छता, सुरक्षा और विकास पर रहेगा फोकस

रामगंजमंडी।
नगर पालिका चुनाव को लेकर रामगंजमंडी में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। बाजार नंबर एक स्थित वार्ड नंबर 11 इस बार चुनावी चर्चा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। वार्ड में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने से चुनावी रोमांच बढ़ गया है।

 

 

वार्ड नंबर 11 से कांग्रेस ने गोवर्धन सोनी को मैदान में उतारा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से चंद्रप्रकाश सोनी चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के आमने-सामने होने से वार्ड में मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। अब मतदाताओं का रुझान किसके पक्ष में जाता है, इसका फैसला चुनाव परिणाम के बाद ही होगा।

“जनसेवा के उद्देश्य से चुनाव मैदान में आया हूं”

एक साक्षात्कार में कांग्रेस प्रत्याशी गोवर्धन सोनी ने कहा कि उन्हें वार्डवासियों का अपार समर्थन मिल रहा है और उन्हें विश्वास है कि वार्डवासी उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करेंगे।

चुनाव लड़ने के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से जनता और समाज की सेवा से जुड़े रहे हैं। अब वे वार्ड के लिए कुछ ठोस काम करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य वार्ड में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था विकसित करने के साथ उसे एक आदर्श वार्ड के रूप में स्थापित करना है।

व्यापारी होने का अनुभव भी बताया अपनी ताकत

वार्डवासियों को उन्हें क्यों चुनना चाहिए, इस सवाल पर गोवर्धन सोनी ने कहा कि उनका परिवार समाजसेवा से जुड़ा रहा है और वे स्वयं भी सेवा की भावना से चुनाव मैदान में आए हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड मुख्य रूप से व्यापारिक क्षेत्र है और वे स्वयं भी व्यापारी हैं, इसलिए वार्ड की व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं।

स्वच्छता के साथ सुरक्षा होगी पहली प्राथमिकता

चुनाव जीतने के बाद पहली प्राथमिकता के सवाल पर गोवर्धन सोनी ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत कर वार्ड को आदर्श वार्ड बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आए दिन मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान चोरी होने की घटनाओं को देखते हुए वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ वार्डवासियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया जा सके।

“पार्षद ईमानदार और जनता की सेवा करने वाला होना चाहिए”

गोवर्धन सोनी ने कहा कि उनकी नजर में वार्ड का पार्षद ऐसा होना चाहिए जो ईमानदार हो, जनता के बीच उपलब्ध रहे और बिना भेदभाव के वार्डवासियों की सेवा करे। पार्षद का पहला दायित्व वार्ड की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करवाना होना चाहिए।

उन्होंने एक बार फिर कहा कि उन्हें वार्डवासियों का पूरा समर्थन मिल रहा है और उन्हें विश्वास है कि जनता उन्हें सेवा का अवसर देगी।

पवन बाबेल के निर्विरोध निर्वाचन पर जताई खुशी

गोवर्धन सोनी ने वार्ड नंबर 27 से नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल के निर्विरोध निर्वाचित होने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के लिए उत्साह बढ़ाने वाला घटनाक्रम है।

“रामगंजमंडी में कांग्रेस का परचम लहराएगा”

रामगंजमंडी नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर गोवर्धन सोनी ने दावा किया कि पूरे रामगंजमंडी क्षेत्र में कांग्रेस का परचम लहराएगा और कांग्रेस 30 से 32 सीटें जीतकर बोर्ड बनाएगी।

हालांकि अंतिम तस्वीर चुनाव परिणाम आने के बाद ही साफ होगी, लेकिन गोवर्धन सोनी के इस दावे ने स्थानीय चुनावी चर्चाओं को और गर्म कर दिया है।

वार्डवासियों से समर्थन की अपील

अंत में गोवर्धन सोनी ने वार्ड नंबर 11 के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे उन्हें अपना मत और समर्थन देकर विजयी बनाएं तथा जनता और वार्ड की सेवा करने का अवसर प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *