गुरुकुल स्कूल धामनोद के प्राइमरी विभाग के नन्हे हाथों ने बुनीं प्रेम और सम्मान की राखियाँ* 

धर्म

*गुरुकुल स्कूल धामनोद के प्राइमरी विभाग के नन्हे हाथों ने बुनीं प्रेम और सम्मान की राखियाँ*

 

*दिनांक 22 अगस्त 2026, शनिवार* को गुरुकुल स्कूल धामनोद के प्राथमिक विंग में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा *पहली से पाँचवीं* तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

धामनोद/दीपक प्रधान की रिपोर्ट

विद्यार्थियों ने अपने घर से विभिन्न प्रकार की सामग्री लाकर अपनी रचनात्मकता एवं कल्पनाशीलता का सुंदर प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं मनमोहक राखियाँ तैयार कीं। इन राखियों में प्रेम, सम्मान, देशभक्ति एवं सेवा भावना का सुंदर संदेश देखने को मिला।

 

इस राखी निर्माण गतिविधि का आयोजन आर्ट एंड क्राफ्ट शिक्षिका श्रीमती हर्षा शुक्ला के निर्देशन में किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता से एक दिन पूर्व मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को राखी बनाने की विधि समझाई तथा आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उनकी प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अत्यंत सुंदर एवं रचनात्मक राखियाँ तैयार कीं।

 

इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के अभिभावकों के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बच्चों को आवश्यक सामग्री के साथ विद्यालय भेजा तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

 

विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों की बनाई इन राखियों को देश की सुरक्षा में लगे सैनिकों, डॉक्टरों, पुलिसकर्मियों, अनाथाश्रम एवं वृद्धाश्रम के सदस्यों तथा अन्य कर्मठ कर्मचारियों तक पहुँचाने का विशेष प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनके प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की जा सके।

इस अवसर पर विद्यालय की ओर से संदेश दिया गया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि यह उन सभी लोगों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर भी है, जो हमारी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज की सेवा के लिए निरंतर अपना योगदान दे रहे हैं।

 

विद्यार्थियों की इस अनूठी पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को प्रेम, सेवा, सम्मान और राष्ट्रभावना से और भी विशेष बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *