गुरुकुल स्कूल धामनोद में उत्साहपूर्वक मनाया गया सी वर्ल्ड डे
धामनोद, 14 अगस्त 2026, शुक्रवार। गुरुकुल स्कूल धामनोद में आज सी वर्ल्ड डे बड़े उत्साह और रचनात्मकता के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने समुद्री दुनिया की मनमोहक थीम को जीवंत कर दिया। विशेष रूप से नर्सरी कक्षा के बच्चे विभिन्न समुद्री जीवों की थीम पर आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण समुद्री संसार जैसा नजर आया। कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी के बच्चों ने मनमोहक डांस प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया और अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस दौरान अध्यापिकाओं ने भी अपने-अपने कक्षा के बच्चों को विभिन्न समुद्री जीवों के बारे में बेहद रोचक एवं सरल तरीके से जानकारी दी, जिससे बच्चों ने उत्सुकता और आनंद के साथ समुद्री जीवन को समझा।
सी वर्ल्ड डे को और भी रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विद्यालय के एक कक्ष को सी वर्ल्ड थीम पर बेहद सुंदर ढंग से सजाया गया था। इस विशेष कक्ष में समुद्री जीवों और समुद्री संसार से संबंधित विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां लगाई गई थीं। प्री-प्राइमरी के सभी बच्चों ने बारी-बारी से इस कक्ष का भ्रमण किया और समुद्र में पाए जाने वाले विभिन्न जीवों के बारे में रोचक जानकारी प्राप्त की। अध्यापिकाओं ने बच्चों को समुद्री जीवों की विशेषताओं, उनके रहन-सहन और समुद्री दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें गतिविधियों एवं संवाद के माध्यम से समझाईं। इस अनूठी पहल से बच्चों ने खेल-खेल में ज्ञान प्राप्त किया और सीखने के साथ-साथ समुद्री संसार का भरपूर आनंद लिया।
