अतिवृष्टि से ढही मजदूर के मकान की छत, जिम्मेदारों की अनदेखी के बीच युवा दल ने 5 घंटे में बनवाकर दिया नया टीन शेड

राज्य

अतिवृष्टि से ढही मजदूर के मकान की छत, जिम्मेदारों की अनदेखी के बीच युवा दल ने 5 घंटे में बनवाकर दिया नया टीन शेड

रामगंजमंडी।

रामगंजमंडी के हुनवतखेड़ा रोड पर रहने वाले बेसहारा मजदूर अरुण कुमार यादव के लिए शहर की सामाजिक संस्था युवा दल मसीहा बनकर उभरी। पीड़ित ने प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हुए मकान की गुहार पर जब प्रशासन और जिम्मेदारों से लगाई, लेकिन मदद का मात्र आश्वासन ही मिला। ऐसे में सामाजिक संस्था रामगंजमंडी युवा दल ने मदद का हाथ बढ़ाया। जिसके तहत मूसलाधार बारिश के बाद पांच दिनों तक खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर पीड़ित परिवार को युवा दल ने स्वतंत्रता दिवस पर महज 5 घंटे में नया टीन शेड और मजबूत पाइप लगवाकर छत मुहैया कराई।

 

 

 

   

युवा दल सचिव और आदिनाथ जैन श्वेतांबर श्रीसंघ अध्यक्ष राजकुमार पारख ने बताया कि अरुण कुमार पुताई का कार्य करते है। जो माता-पिता का साया खोने के बाद अपनी पत्नी सीमा यादव और दो वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक कमरे के मकान में रहते हैं। बीते दिनों रामगंजमंडी में हुई 5 इंच बारिश के दौरान उनके मकान के पुराने चद्दर, बरसाती बल्लियां और लोहे के पाइप भरभराकर नीचे गिर गए। गनीमत यह रही कि यह हादसा दिन के समय हुआ। जब अरुण कार्य पर गए थे और उनकी पत्नी व बच्ची घर के बाहर थीं, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

 

 

 

– 10 अगस्त को हुआ था हादसा
पीड़ित दंपति ने बताया कि 10 अगस्त को हुए इस हादसे के बाद उन्होंने राहत पाने के लिए क्षेत्रीय मंत्री मदन दिलावर, उपखंड कार्यालय और नगर पालिका के चक्कर काटे, लेकिन पांच दिनों तक उन्हें कोई सहायता नहीं मिली। 14 अगस्त को जब पीड़ित ने समाजसेवी सोमेश गुप्ता को अपनी आपबीती सुनाई, तो वे उन्हें रामगंजमंडी युवा दल के सचिव और श्रीआदिनाथ जैन श्वेतांबर श्रीसंघ ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार पारख के पास ले गए। स्थिति की गंभीरता और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए राजकुमार पारख ने तत्काल वेल्डिंग कारीगर बबलू भाई को मौके पर भेजकर टीन शेड का एस्टीमेट बनवाया और निर्माण कार्य शुरू कराया।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवा दल के कार्यकर्ताओं ने मात्र 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नए चद्दर और हैवी लोहे के पाइप डालकर परिवार को सुरक्षित छत प्रदान की। इस कार्य में युवा दल के सदस्यों ने 15 हजार रुपये की राशि का सहयोग दिया। वहीं, इस मानवीय पहल से प्रभावित होकर मेडिकल स्टोर व्यापारी रमेश लूथरा ने भी 5100 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। यह राशि युवा दल के सचिव राजकुमार पारख, सोमेश गुप्ता, राधेश्याम पालीवाल, गिरिराज विजयवर्गीय और दिनेश जोशी ने पीड़ित परिवार को सौंपी, ताकि घर के अंदर हुए नुकसान की भरपाई हो सके।

 

– युवा दल 36 वर्षों से कर रहा सामाजिक कार्य

36 वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय यह संस्था लगातार जरूरतमंदों की मदद करती आ रही है। पिछले वर्ष भी 15 अगस्त को संस्था ने रावतभाटा के एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की पढ़ाई के लिए गिरवी रखे मकान को 66 हजार रुपए का भुगतान कर छुड़वाया था। साथ ही 20 हजार रुपए की फीस भरकर मकान के दस्तावेज परिजनों को सौंपे थे। अरुण यादव के मकान का निर्माण कराने में बाबू पोरवाल, टीकम मित्तल, अमित उपाध्याय, राम गुप्ता, शरद जैन, अंतिम अग्रवाल, मुकेश गर्ग, प्रियांशु जैन, योगेश दलाल, हाजी मुश्ताक भाई वेल्डिंग वाले, राजकुमार गंगवाल और हितेश गर्ग का विशेष सहयोग रहा।

   अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *