पुष्पगिरी पर बना इतिहास: हजारों भक्तों ने किया उपवास, विश्व में हर माह एक उपवास की क्रांति का संकल्प
गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर महाराज के सान्निध्य में भव्य आयोजन | राज्यपाल थावरचंद गहलोत बोले—“जन्म से जैन नहीं हूं, लेकिन जैन सिद्धांतों से बहुत प्रभावित हूं” | अंतर्मना प्रसन्न सागर महाराज ने कहा—“छोटे-छोटे नियम एक दिन बड़े बन जाते हैं”
सोनकच्छ।
पुष्पगिरी तीर्थ पर गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर महाराज के पावन सान्निध्य और अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर महाराज की प्रेरणा से “हर मास एक उपवास” महाअभियान का भव्य आयोजन हुआ। अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास तथा पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के संयु
क्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने उपवास का संकल्प लेकर आध्यात्मिक साधना और स्वास्थ्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संतों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

“7 तारीख को पूरे विश्व का साथ मिल जाए तो उपवास की क्रांति आ सकती है”—स्वामी चिन्मयानंद बापू
हरिद्वार से पधारे पूज्य श्री चिन्मयानंद स्वामी बापू ने कहा कि संतों की वाणी के पीछे परमात्मा की वाणी होती है, लेकिन यदि व्यक्ति परमात्मा से पहले अपनी आत्मा को पहचान ले तो मोक्ष का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।

उन्होंने कहा कि पुष्पगिरी में दो सागरों के मध्य खड़े होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने गणाचार्य श्री पुष्पदंत सागर महाराज और अंतर्मना आचार्य श्री प्रसन्न सागर महाराज को नमन करते हुए कहा कि धन्य हैं वे माता-पिता, जिनकी कोख से ऐसे संतों का जन्म हुआ, जो जगत के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहे हैं।
स्वामी चिन्मयानंद बापू ने कहा कि यदि हर महीने की 7 तारीख को पूरा विश्व एक साथ जुड़ जाए और उपवास करे तो दुनिया में हर मास एक उपवास की क्रांति आ सकती है।
उन्होंने जैन धर्म के नवकार मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जैन परंपरा में यह अत्यंत महत्वपूर्ण मंत्र है, जिसकी शुरुआत और समाप्ति ‘ण’ अक्षर से होती है।
“जन्म से जैन नहीं हूं, लेकिन जैन सिद्धांतों से बहुत प्रभावित हूं”—राज्यपाल थावरचंद गहलोत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा, “मैं जन्म से जैन नहीं हूं, लेकिन जैन धर्म के सिद्धांतों से बहुत प्रभावित हूं।”
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार योग को बाबा रामदेव ने हरिद्वार से जन-जन तक पहुंचाया है, उसी प्रकार “हर मास एक उपवास” का अभियान भी विश्व कल्याण की दिशा में सार्थक पहल साबित होगा।
राज्यपाल गहलोत ने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने एक जैन संत से प्रेरणा लेकर आजीवन एक वस्तु का त्याग करने का संकल्प लिया है।
“अपने पास में आना ही साधना और उपासना है”—गणाचार्य पुष्पदंत सागर महाराज
गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर महाराज ने कहा कि अपने पास में आना ही साधना और उपासना है।
उन्होंने कहा कि हमारी आत्मा स्वयं हमसे मिलने का इंतजार कर रही है। आत्मा से मिलने के लिए व्यक्ति को ध्यान में उतरना होगा और अपने भीतर की यात्रा करनी होगी।
इस अवसर पर गणाचार्य श्री ने अपने शिष्य अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर महाराज की साधना की अनुमोदना करते हुए तपस्वी की जयकार लगवाई।
“छोटे-छोटे नियम एक दिन बड़े हो जाते हैं”—अंतर्मना प्रसन्न सागर महाराज
अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर महाराज ने कहा कि “घुटनों के बल चलते-चलते पैर खड़े हो जाते हैं और छोटे-छोटे नियम एक दिन बड़े हो जाते हैं।”
उन्होंने कहा कि यदि जीवन में शरीर स्वस्थ रहेगा तो जीवन भी सही दिशा में चलेगा। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित संयम और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि हर मास कम से कम एक उपवास अवश्य करें।
200 देशों तक पहुंचा अभियान, 15 करोड़ लोग जुड़े
पतंजलि परिवार की ओर से एसकेजे प्रदीप तिजारावाला ने बताया कि “हर मास एक उपवास” का यह नौवां सामूहिक उपवास आयोजन है। उन्होंने दावा किया कि अभियान से विश्व के करीब 200 देशों के लोग लगातार जुड़ रहे हैं और लगभग 15 करोड़ लोग इस महाअभियान से जुड़ चुके हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पूरा विश्व इस अभियान का हिस्सा बनेगा।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर महाराज के आशीर्वाद एवं आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संघ के नेगम सागर जी महाराज ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
अतिथियों ने पूज्य गुरुदेव को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया। गुरुदेव की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम में राज्यपाल थावरचंद गहलोत, कथावाचक स्वामी चिन्मयानंद बापू, राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, पद्मश्री कालूराम बामनिया, पतंजलि के एसकेजे प्रदीप तिजारावाला, आस्था चैनल के सीईओ प्रमोद जोशी, कवि शशिकांत यादव, कवि अमन अक्षर सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों का विधायक डॉ. राजेश सोनकर और पुष्पगिरी परिवार की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
“जीवन का उपहास न हो, इसलिए हर मास एक उपवास करें”
संघ के प्रवर्तक मुनि सहज सागर महाराज ने उपवास से होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। संचालनकर्ता उपाध्याय मुनि पीयूष सागर महाराज ने कहा कि जीवन का उपहास न हो, इसलिए हर मास एक उपवास जरूर करना चाहिए।
कवि रत्नों ने भगवान श्रीराम और भगवान महावीर स्वामी से जुड़ी रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं की खूब दाद बटोरी और वातावरण को भक्तिमय एवं खुशनुमा बना दिया।
नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को हेलमेट, मेधावी छात्राओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अंतर्मना गुरुदेव ने सोनकच्छ नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को उपहार स्वरूप हेलमेट प्रदान किए और उनके अच्छे कार्यों की प्रशंसा करते हुए आशीर्वाद दिया।
वहीं अंतर्मना गुरु भक्त परिवार की ओर से पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत और स्वामी चिन्मयानंद बापू के हाथों कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास सोनकच्छ की मेधावी छात्राओं को नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं बोर्ड में 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली कुमारी रिया चंदर सिंह बामनिया तथा कक्षा 12वीं कॉमर्स में 76.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली कुमारी मुस्कान राजेश कलेसरिया को सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे श्रद्धालु और अतिथि
इस अवसर पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह, अपर कलेक्टर संजीव जैन, एसपी पुनीत गहलोत, पुष्पगिरी अध्यक्ष प्रकाश अजमेरा, सचिव सुभाष जैन, जैन समाज अध्यक्ष महेंद्र पाटोदी, कार्याध्यक्ष अशोक डोसी, समन्वयक आकाश जैन, जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला भेरुलाल अटरिया, नगर परिषद अध्यक्ष श्रुति सिंह बघेल, भाजपा नेता बहादुर सिंह मुकाती, नंदकिशोर पाटीदार, मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सिंह राजपूत मानसा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पुष्पगिरी अध्यक्ष प्रकाश अजमेरा ने सभी अतिथियों, संतों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
प्रचार-प्रसार संयोजक: रोमिल पाटणी, सोनकच्छ एवं नरेंद्र अजमेरा, पियुष कासलीवाल, औरंगाबाद।
जानकारी संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312




