लोकसभा के विपक्ष नेता श्री राहुल गांधी को चाँदखेड़ी जैन तीर्थ का निमंत्रण, हुकम जैन काका साथ श्री प्रदीप जैन आदित्य ने नई दिल्ली में की मुलाकात; 

धर्म

लोकसभा के विपक्ष नेता श्री राहुल गांधी को चाँदखेड़ी जैन तीर्थ का निमंत्रण, हुकम जैन काका साथ श्री प्रदीप जैन आदित्य ने नई दिल्ली में की मुलाकात; 

 

चाँदखेड़ी तीर्थ की आध्यात्मिक गरिमा और जैन संस्कृति से कराया अवगत, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य रहे साथ

 

नई दिल्ली/

 चन्द्रोदय दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र चाँदखेड़ी की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष हुकम जैन ‘काका’ ने नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रदीप जैन आदित्य भी उनके साथ मौजूद रहे।

 

 

 

मुलाकात के दौरान हुकम जैन काका ने राहुल गांधी को राजस्थान के विश्वविख्यात चन्द्रोदय दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र, चाँदखेड़ी पधारकर भगवान के दर्शन करने तथा इस ऐतिहासिक एवं प्राचीन तीर्थ की आध्यात्मिक विरासत का अवलोकन करने के लिए सादर आमंत्रित किया। उन्होंने मूलनायक भगवान आदिनाथ की तस्वीर स्मृति-चिन्ह स्वरूप भेंट कर स्वागत किया।

 

इस अवसर पर हुकम जैन काका एवं प्रदीप जैन आदित्य ने राहुल गांधी को चाँदखेड़ी तीर्थ की गौरवशाली धार्मिक परंपरा, प्राचीन इतिहास, आध्यात्मिक महत्व तथा जैन संस्कृति के मूल सिद्धांतों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चाँदखेड़ी तीर्थ केवल जैन समाज की आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अहिंसा, संयम और आध्यात्मिक चेतना का भी एक महत्वपूर्ण प्रतीक है, जहां प्रतिवर्ष देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु दर्शन एवं वंदना के लिए पहुंचते हैं।

 

इंदौर चातुर्मास में आने का भी किया आग्रह

 

मुलाकात के दौरान हुकम जैन काका एवं प्रदीप जैन आदित्य ने राहुल गांधी से इंदौर में विराजमान परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 सुधासागर जी महाराज के पावन चातुर्मास में भी दर्शनार्थ पधारने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि चातुर्मास भारतीय संत परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण काल होता है, जिसमें आत्मचिंतन, संयम, धर्म साधना और आध्यात्मिक जागरण के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

 

इस अवसर पर प्रदीप जैन आदित्य के पुत्र गौरव जैन एवं पुत्रवधू ऐश्वर्या जैन भी उपस्थित रहे।

 

 

 

यह भेंट जैन धर्म की आध्यात्मिक धरोहर और चाँदखेड़ी तीर्थ की राष्ट्रीय पहचान को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

 

— अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी

मो. 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *