रामगंजमंडी औद्योगिक क्षेत्र को जल्द मिलेगी निर्बाध बिजली, 15 दिन में बदले जाएंगे पुराने तार
व्यापारियों की मांग पर बिजली विभाग का आश्वासन, बरसात में ट्रिपिंग और कटौती की समस्या होगी दूर
रामगंजमंडी।
औद्योगिक क्षेत्र में बरसात के दौरान लगातार हो रही बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या को लेकर शनिवार को स्मॉल स्केल स्टोन इंडस्ट्री एसोसिएशन भवन में एसोसिएशन पदाधिकारियों एवं जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्योगों को प्रभावित कर रही बिजली संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान पर सहमति बनी।
बैठक में व्यापारियों ने लगातार हो रही बिजली कटौती, ट्रिपिंग और जर्जर बिजली तारों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस पर विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि अगले 15 दिनों के भीतर औद्योगिक क्षेत्र के सभी पुराने तार बदल दिए जाएंगे, जिससे ट्रिपिंग और अनावश्यक बिजली बाधित होने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
एसोसिएशन के सचिव अखिलेश मेडतवाल ने अधिकारियों को बताया कि बरसात के मौसम में बिजली बंद रहने से फैक्ट्रियों में अंधेरा छा जाता है, जिससे चोरी की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने विशेष रूप से रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने की मांग करते हुए कहा कि उद्योगों की सुरक्षा और उत्पादन दोनों के लिए नियमित विद्युत आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में एसोसिएशन के संरक्षक जगदीश सिंह शक्तावत, उपाध्यक्ष दिनेश डपकरा, राकेश जैन, सचिव अखिलेश मेडतवाल, कोषाध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, सह सचिव निलेश जैन सहित जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता सुरेश सेड़वाल, सहायक अभियंता ज्वाला वर्मा तथा एसोसिएशन के सदस्य अमन गोईन, सक्षम धाकड़, सचिन शर्मा, सोनू भाई सरदार, धीरज शर्मा, भैरोंसिंह शक्तावत, रोहित सुनेजा सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

