विश्व के प्रथम मानव सेवा पुष्पगिरी तीर्थ को मिलेगा विकास का नया आयाम, कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने दिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
तीर्थ विकास और मानव सेवा परियोजनाओं को प्रशासन का मिला समर्थन, ट्रस्ट की योजनाओं पर सकारात्मक आश्वासन
पुष्पगिरी।
विश्व के प्रथम मानव सेवा पुष्पगिरी तीर्थ के विकास को अब नई गति मिलने जा रही है। तीर्थ ट्रस्ट द्वारा प्रस्तुत जनकल्याणकारी प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल करते हुए देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह स्वयं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुष्पगिरी तीर्थ पहुंचे और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के साथ एडीएम संजीव जैन, एसडीएम आनंद मालवीया, डिप्टी कलेक्टर तथा तहसीलदार श्रीमती नेहा भी मौजूद रहीं। सभी अधिकारियों ने तीर्थ में विराजमान गणाचार्य श्री 108 पुष्पदन्तसागरजी महामुनिराज एवं अंतर्मना आचार्य श्री 108 प्रसन्नसागरजी महामुनिराज ससंघ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद ट्रस्ट अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित बैठक में ट्रस्ट पदाधिकारियों ने पुष्पगिरी तीर्थ के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान विकास कार्यों तथा भविष्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। साथ ही मानव सेवा से जुड़े प्रस्तावित विशेष प्रकल्प की जानकारी देते हुए प्रशासन से आवश्यक सहयोग का आग्रह किया।
बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने ट्रस्ट द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन किया और कहा कि जनहित एवं धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर के इस सकारात्मक आश्वासन से ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन के सहयोग से प्रस्तावित मानव सेवा परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी, जिससे विश्व के प्रथम मानव सेवा पुष्पगिरी तीर्थ की पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष प्रकाश अजमेरा, सचिव सुभाष जैन, फास्टिंग फाउंडेशन के संस्थापक आकाश जैन (देवास), ट्रस्टी महावीर गंगवाल, ट्रस्टी प्रमोद जैन, मौजूद रहे।
प्रचार-प्रसार संयोजक रोमिल पाटणी (सोनकच्छ), नरेंद्र अजमेरा तथा पीयूष कासलीवाल (औरंगाबाद) से प्राप्त जानकारी
— जानकारी संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी

