भव्य मंगल प्रवेश: सारंगपुर की धरा पर पहली बार पहुंचे राष्ट्रसंत मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज, उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब
“मानवीय मूल्यों की चिंता करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य ही नहीं, धर्म भी है” — मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज
सारंगपुर।
मालवा की पावन धरा सारंगपुर मंगलवार को आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा से सराबोर हो उठी, जब राष्ट्रसंत मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागरजी महाराज का विशाल संघ सहित पहली बार नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। 18 पिच्छिकाधारी मुनिराजों के संघ के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा, मंगल स्वागत और जयघोष के बीच वातावरण धर्ममय बन गया।
इस अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज ने कहा कि “मानवीय मूल्यों की चिंता करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य ही नहीं, बल्कि सच्चा धर्म भी है।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धर्म पालन के लिए पहले की अपेक्षा अधिक अनुकूल परिस्थितियाँ उपलब्ध हैं। आज समाज, शासन और संस्कृति सभी धर्माचरण के लिए सहयोगी हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को मानवता, जीवदया, नैतिकता और संस्कारित जीवन के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।

सारंगपुर को पहली बार मिला मुनि पुंगव का सान्निध्य
कार्यक्रम का संचालन करते हुए मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा ने कहा कि सारंगपुरवासियों का यह परम सौभाग्य है कि उन्हें पहली बार राष्ट्रसंत मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव अहिंसा, जीवदया, संस्कारित शिक्षा और समाज सुधार का संदेश लेकर नगर पधारे हैं। यह अवसर पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी और ऐतिहासिक है।
इस दौरान इंदौर जैन समाज के अध्यक्ष आनंद गोधा, कार्याध्यक्ष नवीन गोधा, महामंत्री हर्ष जैन, कोषाध्यक्ष विजय पाटौदी, हुकुम काका, उज्जैन जैन समाज अध्यक्ष धर्मेन्द्र सेठी, कवि सौरव भयंकर, विकास पटवारी, सुनील बिजोलिया, पी.एम. सूरत, आनंद जैन ठोरा, रामगंजमंडी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने श्रीफल भेंट कर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

“इतना विशाल दिगंबर साधु संघ पहली बार देखा” — नपा अध्यक्ष पंकज पालीवाल
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सारंगपुरवासियों का यह महान सौभाग्य है कि इतने तपस्वी और त्यागमूर्ति संत का नगर में आगमन हुआ है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में जहाँ सामान्य व्यक्ति कुछ कदम चलने में असमर्थ हो जाता है, वहीं गुरुदेव नंगे पैर केवल जनकल्याण के लिए विहार कर रहे हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतना विशाल दिगंबर साधु संघ देखा है और पूरे नगर की ओर से प्रार्थना की कि गुरुदेव का सान्निध्य सारंगपुर को अधिक समय तक प्राप्त हो तथा नगर में धर्म की गंगा निरंतर प्रवाहित होती रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष का हुआ सम्मान
इस अवसर पर जैन समाज द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल का पीत वस्त्र, तिलक एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। जैन समाज अध्यक्ष मनोज जैन, पूर्व अध्यक्ष निर्मल जैन ‘जेलर साहब’, विकास जैन, सौरव जैन सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

संध्याकाल में पूज्य मुनिसंघ ने नगर के विभिन्न जिनालयों की वंदना की तथा तत्पश्चात शाजापुर की ओर मंगल विहार किया।
— संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312



