आरोहण फाउंडेशन की नई पहल, रामगंजमंडी क्षेत्र में पहली बार भवाई नृत्य कार्यशाला का आयोजन
रामगंजमंडी
रामगंजमंडी क्षेत्र में लोक संस्कृति एवं पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आरोहण फाउंडेशन के सहयोग से 7 दिवसीय भवाई नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह क्षेत्र में आयोजित होने वाली पहली भवाई नृत्य कार्यशाला है, जिसमें बालिकाएं राजस्थान की समृद्ध लोक नृत्य परंपरा भवाई की बारीकियों को सीख रही हैं।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामगंजमंडी में आयोजित इस कार्यशाला में भवाई नृत्यांगना पूजा चौबीसा (उदयपुर) द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पूजा चौबीसा ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और कई सम्मान प्राप्त किए हैं।

कार्यशाला के अगले चरण में डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन के सहयोग से गायत्री शक्तिपीठ, रामगंजमंडी में दूसरा सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाएं और बालिकाएं भवाई नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
आरोहण फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष मोहित ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राजस्थान की पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है, ताकि लोक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके और इन्हें भविष्य के लिए संरक्षित किया जा सके।
भवाई नृत्य कार्यशाला क्षेत्र में लोक संस्कृति के प्रति बढ़ती जागरूकता और कला संरक्षण की दिशा में आरोहण फाउंडेशन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।



