दिनभर मोबाइल से बढ़ रहा तनाव! बच्चों से संवाद करें, मंदिर जाएं और परिवार को समय दें : आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी

धर्म

दिनभर मोबाइल से बढ़ रहा तनाव! बच्चों से संवाद करें, मंदिर जाएं और परिवार को समय दें : आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी

कोटा में ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला’ का आयोजन, मोबाइल की लत, मानसिक तनाव, पारिवारिक संस्कार और प्री-वेडिंग काउंसलिंग पर विशेषज्ञों ने रखे विचार।

कोटा।

तलवंडी जैन मंदिर में रविवार को आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी के सानिध्य में आयोजित ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला’ में आधुनिक जीवनशैली, मोबाइल की बढ़ती लत और पारिवारिक संवाद के अभाव जैसे गंभीर विषयों पर सारगर्भित मार्गदर्शन दिया गया।

आर्यिका माताजी ने कहा कि आज का अधिकांश समय मोबाइल पर व्यतीत हो रहा है, जहां अच्छी और बुरी दोनों प्रकार की सामग्री सहज उपलब्ध है। इसके कारण लोग संयुक्त परिवार, आध्यात्मिक जीवन और आपसी संवाद से दूर होते जा रहे हैं। यही दूरी तनाव, चिंता (एंग्जायटी) और डिप्रेशन जैसी मानसिक समस्याओं का प्रमुख कारण बन रही है।


उन्होंने कहा कि परिवार का वास्तविक सुख उसके आकार में नहीं, बल्कि उसके संस्कार, संवाद और आध्यात्मिक वातावरण में होता है। छोटा या बड़ा परिवार मायने नहीं रखता, बल्कि वह परिवार सबसे समृद्ध है जहां प्रेम, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना जीवित हो। मन की शांति और आत्मिक संतुलन के लिए मंदिरों एवं आध्यात्मिक स्थलों से जुड़ना आवश्यक है।

 

 

आर्यिका माताजी ने कहा कि वास्तविक अर्थों में ‘स्मार्ट’ वही व्यक्ति है, जिसमें सही निर्णय लेने की क्षमता, विवेक, ज्ञान, व्यवहार-कुशलता और जीवन मूल्यों की गहरी समझ हो। यही गुण व्यक्ति को जीवनभर सम्मान, सफलता और संतुलित जीवन प्रदान करते हैं।
कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और अभिभावकों सहित सभी आयु वर्गों को जीवन प्रबंधन, पारिवारिक समरसता और संस्कारों के व्यावहारिक सूत्र प्रदान करना रहा। सुबह 7:30 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न आयु वर्गों के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए।

 

इस अवसर पर जेएनयू के प्रो. अनिकेत जैन ने बच्चों के साथ एंग्जायटी, तनाव, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण जैसे विषयों पर खुला संवाद किया। वहीं डॉ. नीलप्रभा नाहर ने अभिभावकों से बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने, उनकी भावनाओं को समझने और उन्हें संस्कारों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्री-वेडिंग शूट से अधिक आवश्यक प्री-वेडिंग काउंसलिंग है, जिससे वैवाहिक जीवन अधिक सफल और सुखद बन सकता है।
स्मार्ट गर्ल ट्रेनर अनिता जैन ने बच्चों के व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच और व्यवहार निर्माण पर संवादात्मक सत्र के माध्यम से उपयोगी मार्गदर्शन दिया।
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी।9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *