पहली बार भोपाल में आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज का चातुर्मास : भव्य तैयारियां शुरू, प्रशासन और समाज की समितियां सक्रिय

धर्म

पहली बार भोपाल में आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज का चातुर्मास : भव्य तैयारियां शुरू, प्रशासन और समाज की समितियां सक्रिय
भोपाल।

दिगंबर जैन श्रमण परंपरा के आचार्य पद पर विराजमान आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज का पहली बार भोपाल में संभावित चातुर्मास होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर राजधानी में व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। सकल दिगंबर जैन समाज, पंचायत कमेटी ट्रस्ट एवं विद्योदय तीर्थ समिति द्वारा एमपी नगर स्थित श्री आदिनाथ जिनालय को केंद्र बनाकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

 

समाधिस्थ राष्ट्रीय संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के पश्चात आचार्य पद पर प्रतिष्ठित हुए आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज के 15 से 18 जुलाई के बीच भोपाल पहुंचने की संभावना है। उनके साथ 22 मुनिराजों का ससंघ भी रहेगा। चातुर्मास का शुभारंभ 25 जुलाई से प्रस्तावित है।


इस संबंध में शनिवार को कमिश्नर कार्यालय में प्रशासन एवं जैन समाज के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, अस्थायी दुकानों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

2016 की तर्ज पर होंगे भव्य प्रबंध
वर्ष 2016 में हबीबगंज (एमपी नगर) स्थित श्री आदिनाथ जिनालय में राष्ट्रीय संत आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के चातुर्मास के दौरान जिस स्तर की व्यवस्थाएं की गई थीं, उसी प्रकार इस बार भी व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियां की जा रही हैं।

 

प्रमुख व्यवस्थाएं
मेट्रो स्टेशन के नीचे 18,000 वर्गफीट का विशाल मुख्य डोम तैयार किया जाएगा।
संपूर्ण परिसर में सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
4,000 वर्गफीट का नियमित प्रवचन पंडाल बनाया जाएगा।
5,000 वर्गफीट का ध्यान एवं भक्ति केंद्र विकसित किया जाएगा।
5,000 से 6,000 वर्गफीट की भोजनशाला की व्यवस्था रहेगी।
1,200 वर्गफीट की त्यागी-व्रती भोजनशाला भी बनाई जाएगी।
वर्तमान में आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज अनियत पदविहार पर हैं और उनके भोपाल आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण है।
आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रेरणा से बन रहा भव्य जैन मंदिर
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के समीप पीले पत्थरों से निर्मित हो रहा देश का सबसे ऊंचा (लगभग 153 फीट) दिगंबर जैन मंदिर तेजी से आकार ले रहा है। इस भव्य मंदिर का निर्माण राष्ट्रीय संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज की प्रेरणा से वर्ष 2015 में प्रारंभ हुआ था। पूर्ण होने के बाद यह मंदिर देश के प्रमुख दिगंबर जैन तीर्थों में विशेष स्थान प्राप्त करेगा।
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी
मो.: 9929747312

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *