पीतमपुरा के ऐतिहासिक वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुईं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपाध्याय 108 डॉ. गुप्ति सागर महाराज से लिया आशीर्वाद
नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित भव्य वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव एवं पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सहभागिता कर धार्मिक अनुष्ठानों में अपनी गौरवमयी उपस्थिति प्रदान की।
इस अवसर पर उन्होंने उपाध्याय 108 डॉ. गुप्ति सागर महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जैन समाज को इस पावन आयोजन की शुभकामनाएँ दीं।

जैन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है। रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि जैन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है। भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और अनेकांत के सिद्धांत आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने जैन समाज द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की भी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्याय 108 डॉ. गुप्ति सागर महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मशुद्धि, संयम, करुणा और सदाचार का विकास करना है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति यदि अपने जीवन में संयम और नैतिक मूल्यों को अपनाए तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त बन सकते हैं। उन्होंने वर्तमान समय में आध्यात्मिक जीवन और मानवीय मूल्यों की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत जैन परंपरा के अनुसार विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, कलश यात्रा तथा अन्य विधि-विधानों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।


देश के विभिन्न राज्यों से आए साधु-संतों, समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और हजारों श्रद्धालुओं ने इस महोत्सव में भाग लिया।
कार्यक्रम में जैन समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियाँ भी उपस्थित रहीं। सभी ने वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव को जैन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता उसकी सबसे बड़ी पहचान है तथा सरकार सभी समुदायों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का स्वागत भी किया गया।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
