11 फीट ऊंची आदिनाथ भगवान की प्रतिमा को श्री अशोक पाटनी आरके मार्बल परिवार ने प्रतिमा को विधि विधान के साथ नवीन बेदी एवं कमलासन पर विराजमान करवाया
किशनगढ़
जैन समाज के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक और आध्यात्मिक उल्लास से भरपूर रहा। निर्माणाधीन श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ की 11 फीट ऊंची भव्य पद्मासन प्रतिमा को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कमलासन पर विराजमान किया गया।
विशेष संयोग यह रहा कि भगवान की 11 फीट ऊंची प्रतिमा ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की 11 वीं तिथि और माह की 11 तारीख को विराजमान हुई, जिसे श्रद्धालुओं ने अत्यंत शुभ और मंगलकारी संयोग बताया।

बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा
गुरुवार को भगवान आदिनाथ की प्रतिमा आरके कम्युनिटी सेंटर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने मंगलाचरण और पूजा-अर्चना के साथ स्वागत किया। इसके बाद बैंड-बाजों, धार्मिक ध्वजों और जयकारों के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा आरके कम्युनिटी सेंटर से प्रारंभ होकर मील चौराहा, मुख्य बाजार, मेंन चौराहा और सिटी रोड होते हुए निर्माणाधीन आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंची।

भगवान आदिनाथ के जयकारे गूंजे
यात्रा में महिलाएं हाथों में जैन ध्वज लेकर भक्ति भाव से चल रही थीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे थे। पूरे मार्ग में “भगवान आदिनाथ की जय” और “जैन धर्म की जय” के उद्घोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण धर्ममय हो उठा।
क्रेन से प्रतिमा का गगन विहार कराया
मंदिर परिसर पहुंचने के बाद क्रेन की सहायता से भगवान आदिनाथ की प्रतिमा का गगन विहार कराया गया। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी प्रदीप भैया अशोकनगर के निर्देशन में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

आरके मार्बल परिवार के कंवरलाल पाटनी, महावीर प्रसाद पाटनी, अशोक कुमार पाटनी, सुरेश कुमार पाटनी, विमल कुमार पाटनी, सुशीला पाटनी, शांता पाटनी एवं तारिका पाटनी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान की प्रतिमा को नवीन वेदी एवं कमलासन पर विराजमान कराया।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान आदिनाथ की यह आकर्षक एवं दिव्य प्रतिमा वियतनाम व्हाइट पत्थरों से निर्मित है। प्रतिमा का निर्माण जयपुर के कुशल मूर्तिकारों द्वारा किया गया है। आदिनाथ दिगंबर जैन पंचायत के पदाधिकारियों ने बताया कि निर्माणाधीन मंदिर का पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आगामी महीनों में राष्ट्रसंत मुनि सुधासागर महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर पंचायत अध्यक्ष प्रकाशचंद गंगवाल, मंत्री प्राणेश बज, प्रदीप गंगवाल, संपत दगड़ा, इंद्रचंद पाटनी, राजीव गंगवाल, दीपक रारा, अजय सोनी, पवन लुहाड़िया, रश्मि छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। भगवान आदिनाथ की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व हुए इस भव्य आयोजन ने किशनगढ़ के जैन समाज में उत्साह, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का नया संचार कर दिया।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
