दो दिगम्बर संतों का मिलन देख भावुक हुए श्रद्धालु,जैन समाज ने कराया मंगल प्रवेश*युवाओं ने जैन धर्म के नारों से वातावरण किया गुंजायमान*
कामां
सकल दिगंबर जैन समाज कामवन कामां के द्वारा बड़े भक्ति भाव के साथ दो दिगंबर संतो का अदभुत मिलन कामवन के डीग गेट पर हुआ तो उपस्थित श्रद्धालु भावुक को उठे और इस मंगल मिलन को देखकर स्वयं को धन्य समझने लगे।
जैन समाज के अध्यक्ष अनिल जैन ने बताया कि कामा तहसील के ग्राम बोलखेड़ा में आयोजित पंचकल्याणक हेतु आचार्य विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि प्रणम्य सागर महाराज का मंगल विहार चल रहा है। इसी दौरान सेऊ गांव से पद विहार करते हुए गुरुवार को कामवन नगरी में मंगल पदार्पण हुआ तो पूर्व में विराजमान आचार्य विनीत सागर महाराज, मुनि अर्पण सागर महाराज ने डीग गेट पर पहुंचकर वात्सल्य भाव के साथ संत मिलन किया। इस अद्भुत संत मिलन के दृश्य को देखकर सभी बड़े ही हर्षित हुए तो दोनों संतों ने एक दूसरे को गले लगाकर बैंड बाजो के साथ कामां नगर में मंगल प्रवेश किया।


इस अवसर पर नगर पालिका, मुख्य बाजार, लाल दरवाजे होते हुए जुलूस निकाला गया तो युवाओं ने जैन धर्म के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। प्रवेश के दौरान जैन श्रावकों ने दोनों संत संघो की पाद प्रक्षालन व आरती कर जगह-जगह मंगल आगवानी की। इस अवसर पर मुनि प्रणम्य सागर महाराज ने कहा कि पुण्यशाली को ही ऐसे दृश्य देखने का मौका मिलता है।अतः सभी धार्मिक क्रियाओं व सन्त सानिध्य में अपना समय व्यतीत करना चाहिए। आचार्य विनीत सागर महाराज ने कहा कि जैन समाज कामां बड़ी ही धार्मिक व नैतिक विचारों से ओत प्रोत तो है ही साथ ही यहां के युवाओं में भी बड़ा जोश है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। जैन समाज के संजय जैन बडजात्या ने बताया कि 15 फरवरी से बोलखेड़ा में ध्वजारोहण के साथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ होगा।
