लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा पत्रकारों की मूलभूत समस्याओं के समाधान का मांग-पत्र
रामगंजमंडी |
रामगंजमंडी क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों की विभिन्न मूलभूत समस्याओं, सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की मांग को लेकर रामगंजमंडी जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसायटी (रजि.) ने लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित एक विस्तृत मांग-पत्र प्रस्तुत किया है।
सोसायटी के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने बताया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करते हुए भी आज असुरक्षा, उपेक्षा और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं। सत्य लेखन की कीमत कई बार पत्रकारों को झूठे मुकदमों, धमकियों और हमलों के रूप में चुकानी पड़ रही है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण के लिए ठोस नीतियां समय की आवश्यकता हैं।मांग-पत्र में प्रमुख रूप से पत्रकारों को रियायती दर पर आवासीय भूखंड आवंटन की मांग उठाई गई है। सोसायटी ने कहा कि रामगंजमंडी नगरपालिका क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और भू-माफियाओं का अवैध कब्जा है, जिसे हटाकर पात्र पत्रकारों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भूखंड दिए जाएं।साथ ही रामगंजमण्डी क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों के बच्चों को भी शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं व लाभ प्राप्त हो।


इसके साथ ही वर्तमान जटिल अधिस्वीकरण नियमों में संशोधन कर 25 वर्षों से अधिक अनुभव रखने वाले आंचलिक व ग्रामीण पत्रकारों को विशेष श्रेणी में अधिस्वीकृत करने, डिजिटल व स्वतंत्र पत्रकारों को भी मान्यता देने की मांग की गई है।
पत्रकारों पर बढ़ते हमलों और उत्पीड़न को गंभीर बताते हुए केंद्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने, त्वरित जांच, विशेष न्यायालय और दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान करने की भी मांग की गई। इसके अलावा पत्रकारों से जुड़े विवादों व शिकायतों के समाधान हेतु स्वतंत्र पत्रकार परिषद के गठन का प्रस्ताव रखा गया।
मांग-पत्र में पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, पेंशन योजना और आपातकालीन सहायता कोष जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू करने पर भी जोर दिया गया है। साथ ही सत्य लेखन के कारण दर्ज होने वाले झूठे मुकदमों में पत्रकारों को विशेष संरक्षण व प्रारंभिक जांच की व्यवस्था की मांग की गई।
सोसायटी ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित मंत्रालयों एवं राज्य सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पत्रकार समाज को सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व मिल सके तथा लोकतंत्र की नींव और अधिक मजबूत हो।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया.

