**आर्यिका पूर्णमति माताजी के चातुर्मास हेतु मुरार आगमन पर निकाली भव्य नगर प्रवेश शोभायात्रा**
ग्वालियर, 12 जुलाई!
पूज्य आर्यिका पूर्णमति माताजी का चातुर्मास हेतु मुरार में भव्य नगर प्रवेश हुआ। शुक्रवार को प्रातः 5:30 बजे थाटीपुर स्थित गुलाबचंद की बगीची से माताजी की मंगल प्रवेश शोभायात्रा गाजे-बाजों के साथ निकाली गई, जो मुरार के विभिन्न मार्गों से होती हुई जैन मंदिर पहुंची। यहां माताजी ने भगवान के दर्शन किए। तत्पश्चात शोभायात्रा मुख्य बाजार होती हुई चेक सेंटर स्थित जैन धर्मशाला पहुंची।शोभायात्रा की सबसे आगे घोड़े चल रहे थे। बैंड एवं ढोल की धुन पर जैन भजनों के साथ विभिन्न संगठनों की महिलाएं एवं पुरुष अपनी-अपनी टीम के साथ नृत्य करते हुए चल रहे थे।
**जगह-जगह लोगों ने पलक पावड़े बिछाते हुए उतारी आरती*
*
शोभायात्रा में माताजी की आगवानी के लिए जगह-जगह लोगों ने पलक पावड़े बिछाए।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी ललित जैन ने बताया कि शोभायात्रा में सड़क के दोनों ओर लोग अपने-अपने घरों के दरवाजे पर आरती की थाली लिए खड़े थे और माताजी का पाद प्रक्षालन एवं आरती उतारने के लिए उत्सुक थे।
**स्वागत हेतु रास्ते भर बनाई गई रंगोली**
शोभायात्रा थाटीपुर से प्रारम्भ होकर मुरार के बाजारों में भ्रमण करते हुए लगभग 3 किलोमीटर का रास्ता तय किया। इस दौरान माताजी के स्वागत हेतु दमोह तेंदूखेड़ा से आये कारीगरों ने जगह-जगह रंगोली बनाई। शोभायात्रा के मार्ग में चारों ओर भक्तों का उल्लास और भक्ति भावना देखने को मिली।
**स्कूली बच्चों ने किया नृत्य, माताजी ने दिया आशीर्वाद**
शोभायात्रा के दौरान सड़क किनारे लगे मंच पर जैन किड्स स्कूल के बच्चे माताजी के स्वागत में नृत्य कर रहे थे, जिसे देख माताजी ने अपने आशीर्वाद दिया।
**दीप प्रज्वलित कर माताजी को किया शास्त्र भेंट**
शोभायात्रा जैन धर्मशाला पहुंची, जहां धर्मसभा का शुभारंभ भगवान महावीर स्वामी के चित्र का अनावरण पारस जैन सर्राफ, सकल जैन पंचायत के अध्यक्ष पारस जैन एवं अनिल जैन द्वारा किया गया। दीप प्रज्वलित अभिषेक जैन और विनीता जैन ने किया। वहीं, माताजी को शास्त्र भेंट हरिश्चंद्र जैन, दिवाकर जैन, जैन युवा सेवा मंडल के सदस्य, अजीत जैन, नत्थीलाल जैन, लोकेंद्र जैन, अशोक जैन, और मनोज जैन ने किया। पंचायती मंदिर कमेटी मुरार के अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन, मंत्री पंकज जैन, उपमंत्री मणिन्द्र जैन, और उपाध्यक्ष पारस जैन, चातुर्मास कमेटी के संयोजक विजय जैन ने माताजी के चरणों में श्रीफल अर्पित किया।
ललित जैन “भारती”
(ग्वालियर) से प्राप्त जानकारी
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
