आवाज दो हम एक हैं नारे के साथ सीकरी जैन समाज ने निकाला पैदल मार्च

धर्म

आवाज दो हम एक हैं नारे के साथ सीकरी जैन समाज ने निकाला पैदल मार्च
सीकरी (भरतपुर)।

सीकरी जैन समाज ने सोमवार सुबह अपने सबसे बड़े तीर्थ स्थल सम्मेद शिखरजी को पर्यटन स्थल बनाने के विरोध में पैदल मार्च निकाला। समाज के मीडिया प्रभारी पुष्पेन्द्र जैन ने बताया कि पैदल मार्च जैन मंदिर से प्रारम्भ हो मैन बाजार होते हुए एसडीएम मुख्यालय पहुंचा जहां सभी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम एसडीएम सीकरी को ज्ञापन दिया। पैदल मार्च में समाज के बड़ी संख्या में बुजुर्ग, पुरूष, महिला व बच्चों ने हाथों में तख्तियां व धर्म ध्वजा लेकर भारत सरकार द्वारा जारी जारी अधिसूचना का विरोध किया व सम्मेद शिखर हमारा है प्राणों से भी प्यारा है, भारत सरकार होश में आओ, झारखंड सरकार होश में आओ, आवाज दो हम एक हैं,कम हैं कमजोर नही के नारों से आक्रोश व्यक्त किया।

 

पुष्पेन्द्र जैन ने बताया कि झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित सम्मेद शिखरजी प्राचीन काल से ही जैन धर्म का सबसे बड़ा तीर्थ क्षेत्र रहा है। जैन धर्म के कुल 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों और करोड़ा-करोड़ी मुनियों की निर्वाण स्थली होने के कारण सम्मेद शिखरजी का कण-कण जैन समाज के लिये पूजनीय एवं वंदनीय है। साल के बारहों महीनें विश्व भर से लाखों जैन तीर्थयात्री बेहद श्रद्धाभाव के साथ व्रत धारण कर नंगे पैर और शुद्ध सूती वस्त्रों में शरीर को गला देने वाली ठंड या फिर झुलसा देने वाली गर्मी में झारखंड की सबसे उंची पहाड़ी की 27 किलोमीटर की इस बेहद कठिन चढ़ाई वाले पहाड़ पर वंदना करने जाते है। जैन तीर्थयात्री पारसनाथ पहाड़ की पवित्रता को अक्षुण्ण बनाए रखना अपना सर्वोच्च कर्तव्य समझते है।

 

जैन समाज ने पैदल मार्च व ज्ञापन देते हुए सरकार से मांग की कि सम्मेद शिखरजी को पर्यटन स्थल ना बनाकर पवित्र जैन तीर्थस्थल घोषित किया जाए। पर्वत पर मांस, मदिरा बिक्री व सेवन पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए। पर्वत के द्वार पर अर्धसैनिक बल तैनात किए जाए जिससे असमाजिक तत्व ऊपर जाकर उत्पाद ना मचाएं। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रावक श्राविका व बच्चे मौजूद रहे।

– संजय जैन बड़जात्या कामां से प्राप्त जानकारी
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *