धार्मिक अनुष्ठान जीवन में अनुशासन लाते हैं- मुनिश्री विमलसागर महाराज

धर्म

धार्मिक अनुष्ठान जीवन में अनुशासन लाते हैं- मुनिश्री विमलसागर महाराज
भोपाल,
आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनिश्री विमल सागर महाराज, मुनिश्री अनंत सागर महाराज, मुनिश्री धर्मसागर महाराज, मुनिश्री भावसागर महाराज के सानिध्य में जैन मंदिर जवाहर चौक में 9 दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। प्रातः जिनालय से भगवान जिनेन्द्र की शोभा यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकली। तत्पश्चात ध्वजारोहण रवि रीना जैन परिवार द्वारा किया गया । प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि विधान के प्रमुख पात्र बने राहुल (श्रीपाल), रिचा (मैना सुंदरी) एवं प्रदीप प्रतिभा जैन मामा परिवार एवं श्रीमती सरला जितेन्द्र जैन परिवार द्वारा प्रमुख अनुष्ठान विधि-विधान से किये गये। विधानाचार्य ब्र. नितिन भैया खुरई, अविनाश भैया भोपाल के निर्देशन में मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं पात्र शुद्धि, वेदी शुद्धि, सकलीकरण आदि सम्पन्न हुई। जिनालय परिसर में समवशरण की भव्य प्रतीकात्मक रचना की गई और विधान का आकर्षक माडना सजाया गया। समवशरण से मुनिश्री विमल सागर महाराज ने आशीषवचन में कहा कि धार्मिक अनुष्ठान जीवन में अनुशासन लाते हैं। आयोजन का प्रयोजन होना चाहिए। धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, जगत कल्याण की भावना को लेकर करना चाहिये। मुनिश्री ने कहा कि भगवान सिद्ध अनंत चतुष्टय से पूर्ण हैं। अनंत वीर, अनंत सुख के दाता हैं। सिद्ध प्रमेष्टी की अनंत गुणों की आराधना सहज, सरल और स्वच्छ मनोवृत्ति के साथ करना चाहिए। जाप अनुष्ठान करते समय सभी जीवों के साथ पेड़ पौधे, जल, वायु संपूर्ण प्रकृति जो मनुष्य की जीवनदायनी है, उसके लिये भी प्रार्थना करना चाहिये। इस अवसर पर दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज बांगा, मनोज आरएम, पंकज सुपाड़ी, नरेन्द्र वंदना, अमित तड़ैया, विजित पाटनी, अंकित जैन, नीतेश मामा, दिनेश जैन चाय, अशोक सर्राफ, ऋषभ जैन, अभिषेक राज एडवोकेट सहित समाज के अनेक धर्मालंबी मौजूद थे।
रविवार को पुरवाल जैन समाज की सामूहिक क्षमावाणी होगी कुराना तीर्थक्षेत्र में

 

 

 

समाज के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि राजधानी के जैन मंदिर समितियों एवं सामाजिक संगठन द्वारा सामूहिक क्षमावाणी का सिलसिला निरन्तर जारी है। रविवार को दिगम्बर जैन पदमावती पुरवाल महासभा के तत्वावधान में सामूहिक क्षमावाणी का आयोजन तीर्थ क्षेत्र कुरानाजी में प्रातः 11 बजे से किया गया है। पुरवाल महासभा के क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष सुरेश जैन सामरदा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वास सारंग मंत्री म.प्र. शासन, महापौर मालती राय एवं क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री होंगे। कार्यक्रम में प्रदूषण मुक्त शहर और पर्यावरण की रक्षा के संदेश के साथ सभी समाजजनों को पौधे वितरित किये जायेंगे। साथ ही समाज की प्रतिभाओं और समाज के वरिष्ठ नागरिकों और पर्यूषण की तप की आराधना करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया जायेगा। श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर नयापुरा कोलार में सामूहिक क्षमावाणी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल जैन सहित अनेक लोग मौजूद रहेंगे।
अंशुल जैन प्रवक्ता से प्राप्त जानकारी के साथ अभिषेक जैन लुहाडिया रामगंजमडी की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *