जैन धर्मावलंबियों ने साधु-संतो की रक्षा के संकल्प दिवस के रूप में मनाया रक्षाबंधन पर्व – जैन धर्म के ग्यारहवें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का मनाया मोक्ष कल्याणक -चढाया निर्वाण लाडू – श्री विष्णु कुमार महामुनि की, की पूजा-अर्चना
जयपुर –
जैन धर्मावलंबियों द्वारा श्रावण शुक्ला पूर्णिमा को रक्षाबंधन के पर्व को धर्म एवं साधु संतों की रक्षा के संकल्प दिवस के रूप में मनाया ।इस मौके पर

जैन धर्म के ग्यारहवें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया जाकर निर्वाण लाडू चढाया गया । साथ ही दिगम्बर जैन धर्म के प्रसिद्ध संत श्री विष्णु कुमार महामुनि द्वारा हस्तिनापुर में 700 जैन मुनियों के उपसर्ग को दूर कर मुनियों की रक्षा करने के उपलक्ष्य में महामुनि विष्णु कुमार की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा ‘के अनुसार श्रावण शुक्ला पूर्णिमा के दिन राजा बलि द्वारा हस्तिनापुर में 700 साधु-संतों पर अत्याचार किये गये थे। इस अत्याचार एवं उपसर्ग को महामुनि विष्णु कुमार ने ब्राह्मण का रुप धरकर दूर किया था। उन्होंने साधु-संतों को आहार करवाकर स्वयं ने आहार किया था। इसलिए इस दिन को जैन धर्मावलंबी रक्षाबंधन के पर्व को प्रति वर्ष साधु-संतों की रक्षा के संकल्प दिवस के रूप में मनाते हैं।

इस मौके पर दिगम्बर जैन संतों के चातुर्मास स्थलों पर एवं शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में महामुनि विष्णु कुमार की अष्ट द्रव्य से पूजा अर्चना की गई । जैन श्रावको द्वारा आचार्यों, मुनिराजो, आर्यिका माताजी की पिच्छिका के रक्षा सूत्र बांधा जाकर साधु संतों व जिनवाणी तथा जैन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया गया । इस मौके पर साधु संतों के विशेष प्रवचन हुए जिसमें धर्म रक्षा पर जोर दिया गया।

श्री जैन के मुताबिक इसी दिन जैन धर्म के ग्यारहवें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया गया ।मंदिरों में प्रातः भगवान के अभिषेक, शांतिधारा के बाद पूजा अर्चना की गई । पूजा के दौरान निर्वाण काण्ड भाषा का सामूहिक उच्चारण करते हुए मंत्रोच्चार के साथ

मोक्ष कल्याणक श्लोक ” गिरि समेदतै पायो, शिवथल तिथि पूर्णमासी सावन को। कुलिशायुध गुनगायो, मै पूजो आप निकट आवन को ”। का उच्चारण कर जयकारों के बीच मोक्ष कल्याणक अर्घ्य एवं निर्वाण लाडू चढाया गया ।

श्री जैन के मुताबिक दिल्ली रोड पर जयसिंहपुरा खोर के दिगम्बर जैन मंदिर में मूलनायक भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया गया । व भट्टारक जी की नसिया में आचार्य सुनील सागर महाराज ससंघ,मानसरोवर के वरुण पथ मंदिर में आचार्य विवेक सागर महाराज, चाकसू में आचार्य शशांक सागर महाराज, बरकतनगर में मुनि अनुकरण सागर महाराज , दुर्गापुरा जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका भरतेश्वरमति माताजी, श्यामनगर के श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका गौरव मति माताजी , 
गोरधन नगर में गणिनी आर्यिका विजय मति माताजी, बीलवा के नांगल्या स्थित विमल परिसर में गणिनी आर्यिका नंगमति माताजी, झोटवाड़ा के पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आर्यिका सौम्य नन्दिनी माताजी ससंघ के सानिध्य में रक्षाबंधन पर्व पर विशेष आयोजन किये गये ।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमडी
