श्रीक्षेत्र कचनेर में गुरु परिवार के रक्तदान शिविर को मिला उत्स्फूर्त प्रतिसाद

धर्म

श्रीक्षेत्र कचनेर में गुरु परिवार के रक्तदान शिविर को मिला उत्स्फूर्त प्रतिसाद

 

155 रक्तदाताओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, सामाजिक दायित्व निभाते हुए गुरु परिवार की सराहनीय पहल

छत्रपति संभाजीनगर।

सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहने वाले गुरु परिवार की ओर से श्रीक्षेत्र कचनेर में तीन दिवसीय वार्षिक यात्रा महोत्सव के अवसर पर भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पिछले 21 वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस शिविर का यह 22वां वर्ष था। शिविर को श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला। कुल 155 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया।

 

आचार्य श्री सुयशगुप्तजी गुरुदेव तथा क्रांतिकारी समाधिस्थ मुनिश्री तरुणसागरजी महाराज के शिष्य क्षुल्लक पर्वसागरजी महाराज के आशीर्वाद से इस शिविर का आयोजन किया गया। श्रीक्षेत्र कचनेर के विश्वस्त मंडल के सहयोग से यह सामाजिक उपक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

शिविर के प्रकल्प प्रमुख विलास साहूजी एवं वृषभ कासलीवाल थे। गुरु परिवार के अध्यक्ष सुनील सेठी, सचिव सावन चुड़ीवाल, कार्याध्यक्ष अनुज दगड़ा तथा कोषाध्यक्ष रोहित गगवाल ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली।

 

शिविर का उद्घाटन विधायक विलास भुमरे, श्रीक्षेत्र कचनेर विश्वस्त मंडल के अध्यक्ष सुरेशकुमार कासलीवाल, मैनेजिंग ट्रस्टी भरतुकुमार ठोळे, उपाध्यक्ष संजयकुमार कासलीवाल, सचिव निलेश काला, दिगंबर क्षीरसागर, राजेंद्र कासलीवाल, मुकेश कासलीवाल, किरण मास्टर, निलेश सेठी, दिलीप छाबड़ा, विजय पहाड़े सहित अनेक पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं की उपस्थिति में किया गया।

 

रक्त संकलन के लिए अमृता ब्लड बैंक के डॉ. सुभाष पाटोदी तथा लायंस ब्लड बैंक के डॉ. प्रकाश पाटणी ने विशेष परिश्रम किए। दोनों ब्लड बैंकों की टीमों ने कुल 155 यूनिट रक्त का संकलन किया। रक्तदान शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए दोनों चिकित्सकों का श्रीक्षेत्र कचनेर विश्वस्त मंडल एवं गुरु परिवार की ओर से यथोचित सत्कार किया गया।

 

रक्तदान श्रेष्ठ मानव सेवा का कार्य

 

रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का अमूल्य कार्य है। दुर्घटनाग्रस्त मरीजों, शल्यक्रिया कराने वाले रोगियों, प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाली माताओं तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त की अत्यंत आवश्यकता होती है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण स्वैच्छिक रक्तदान अनेक लोगों का जीवन बचाने में सहायक होता है।

 

इसी उद्देश्य से समाज के प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश इस उपक्रम के माध्यम से दिया गया।

 

इस संबंध में जानकारी प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पियूष कासलीवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *