सरावगी मोहल्ले को बचाएं… पुश्तैनी मकान बेचने के बजाय विरासत का संरक्षण करें : मुनिश्री निष्पक्ष सागर
200 साल पुरानी जैन विरासत सिमटने की कगार पर, सात मंदिरों की पूजा-देखरेख का जिम्मा महज 15 परिवारों पर
अजमेर।
प्राचीन जैन मंदिरों और उनसे जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को सहेजना केवल किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सरावगी मोहल्ले की ऐतिहासिक पहचान और वहां मौजूद पुश्तैनी मकानों के लगातार बिकने पर चिंता जताते हुए मुनिश्री निष्पक्ष सागर महाराज ने समाजजनों से अपनी विरासत बचाने और आने वाली पीढ़ियों तक इसे सुरक्षित पहुंचाने का आह्वान किया।
सोनिनगर स्थित आदिनाथ जिनालय में शुक्रवार को आयोजित धर्मसभा में मुनिश्री ने कहा कि सरावगी मोहल्ले को बचा लीजिए, अन्यथा धीरे-धीरे सब कुछ हाथ से निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि और पुश्तैनी विरासत को कभी नहीं भूलना चाहिए। पुराने मकान खाली कर बाहर कॉलोनियों में बसने के बावजूद पीछे छूट रही ऐतिहासिक धरोहर की अनदेखी करना उचित नहीं है। घर और जमीन के साथ अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान भी जुड़ी होती है।
मुनिश्री ने समाज को आगाह करते हुए कहा कि पुश्तैनी मकानों को बेचने के बजाय उनका संरक्षण किया जाना चाहिए। प्राचीन जैन मंदिरों में नियमित दर्शन-पूजन की परंपरा को बनाए रखने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी पुरानी विरासत छोड़कर केवल आधुनिक सुविधाओं के पीछे नहीं भागना चाहिए।
200 साल पुराना सरावगी मोहल्ला, सात मंदिरों की जिम्मेदारी महज 15 परिवारों पर
सरावगी मोहल्ले की करीब 200 वर्ष पुरानी विरासत अब सिमटती जा रही है। कभी यहां 200 से अधिक जैन परिवार निवास करते थे, लेकिन समय के साथ परिवारों का पलायन हुआ और कई पुश्तैनी मकान खाली होकर बिक चुके हैं। वर्तमान में यहां स्थित सात प्रतिष्ठित जैन मंदिरों में भगवान आदिनाथ की प्रतिमाएं विराजमान हैं। इन मंदिरों की पूजा और देखरेख की जिम्मेदारी अब लगभग 15 परिवारों पर आ गई है।
मोहल्ले के कई पुराने मकान खाली हो चुके हैं। इनमें से कुछ बिक चुके हैं। यहां मौजूद प्राचीन प्रतिमाएं और धार्मिक धरोहर समाज की गौरवशाली परंपरा की पहचान हैं। ऐसे में इनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
एकजुट होकर विरासत संभालने का आह्वान
धर्मसभा में मुनिश्री निष्पक्ष सागर महाराज ने समाजजनों को अपनी ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि विरासत को बचाने के लिए समाज को एकजुट होना होगा। पुरानी गलियों, मंदिरों और पुश्तैनी मकानों से जुड़ी यादें आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य पूंजी हैं।
इससे पूर्व प्रवक्ता संजय जैन ने बताया कि सुबह 7 बजे सोनिनगर मंदिर समिति के श्रावकों के साथ मुनिश्री निष्पक्ष सागर महाराज ने विहार करते हुए आदिनाथ जिनालय पहुंचकर धर्मसभा को संबोधित किया। इस दौरान समाजजनों ने मुनिश्री के विचारों को श्रद्धापूर्वक सुना।
विरासत केवल मकान नहीं, समाज की पहचान है। इसे बचाना आज की पीढ़ी का दायित्व है।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
