आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के आचार्य पदारोहण दिवस पर जिनशासन के पांच आधारों का स्मरण: मुनि श्री समतासागर महाराज ने किया आध्यात्मिक अवदान का उल्लेख*

धर्म

*आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के आचार्य पदारोहण दिवस पर जिनशासन के पांच आधारों का स्मरण: मुनि श्री समतासागर महाराज ने किया आध्यात्मिक अवदान का उल्लेख*

कुण्डलपुर (दमोह)। आचार्य परमेष्ठी का जीवन केवल स्वयं की साधना और आत्मकल्याण तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह जिनशासन की प्रभावना, संघ निर्माण, समाज को संस्कारित करने और श्रमण संस्कृति को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनता है। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने अपने संपूर्ण जीवन में संघ, साधना, स्वाध्याय, समाज और संस्कृति को पांच प्रमुख आधारों के रूप में स्थापित कर जिनशासन को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, ज्ञान, करुणा और वीतरागता का अनुपम उदाहरण है। यह विचार निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज

 

के 55 वें आचार्य पदारोहण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्र प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने जानकारी देते हुए बताया कि मुनि श्री ने आगे कहा कि आचार्य कुंदकुंद स्वामी की आम्नाय परंपरा में आचार्य शांतिसागर, आचार्य शिवसागर, आचार्य ज्ञानसागर और उनके द्वारा दीक्षित मुनि विद्यासागर से आचार्य विद्यासागर तक की गुरु परंपरा जिनशासन की गौरवशाली धरोहर है। 22 नवंबर 1972 मार्गशीर्ष वदी द्वितीया को राजस्थान के नसीराबाद में मुनि विद्यासागर जी को आचार्य पद प्रदान किया गया था। इसी ऐतिहासिक तिथि के स्मरण में 26 नवंबर 2026 को आचार्य पदारोहण दिवस मनाया जा रहा है। आचार्य श्री का आचार्यत्व काल 1972 से 2024 तक रहा, जो लगभग 54 वर्षों की ऐसी आध्यात्मिक यात्रा थी, जिसने हजारों लोगों के जीवन और चिंतन को गहराई से प्रभावित किया।

 

 

 

मुनिश्री समतासागर जी महाराज ने कहा कि आचार्य श्री ने अपने जीवन में पांच आधारों को जिनशासन की उन्नति की धुरी बनाया। जिस प्रकार किसी वाहन का पूरा भार उसकी धुरी पर टिका रहता है, उसी प्रकार संघ, साधना, स्वाध्याय, समाज और संस्कृति के माध्यम से उन्होंने धर्म की परंपरा को सुदृढ़ता प्रदान की। संघ के क्षेत्र में उन्होंने अनुशासित, संस्कारित और साधनामय विशाल संघ का निर्माण किया। साधना के क्षेत्र में उनका त्याग और तपस्या स्वयं में अनुकरणीय रहे। उन्होंने कभी अपनी साधना का स्वयं बखान नहीं किया, बल्कि उनकी तपश्चर्या और त्याग को देखकर समाज ने सहज रूप से उनके जीवन से प्रेरणा ग्रहण की।

उन्होंने कहा कि आचार्य श्री अंतिम समय तक स्वाध्याय में निरंतर संलग्न रहे। आचार्य कुंदकुंद स्वामी और आचार्य समंतभद्र स्वामी के ग्रंथों का उन्होंने गहन और तलस्पर्शी अध्ययन किया। समाधि की साधना के अंतिम चरणों में भी स्वाध्याय के प्रति उनकी निष्ठा अविचल बनी रही। साहित्य सृजन के माध्यम से उन्होंने अनेक ग्रंथों की रचना कर ज्ञान की अमूल्य विरासत समाज को प्रदान की।

मुनिश्री ने कहा कि आचार्य श्री ने समाज को जोड़ने का कार्य किया। अलग-अलग आम्नाय, परंपराओं और विचारधाराओं के बावजूद उन्होंने कभी श्रावकों के बीच भेदभाव नहीं किया। सभी को समानता और समता की दृष्टि से देखते हुए वीतरागता तथा अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका संदेश था कि जीवन का मूल उद्देश्य वीतरागता प्राप्त करना होना चाहिए। आचार-विचार में अहिंसा का पक्ष मजबूत हो, राग-द्वेष कम हों और कषाय भावों की प्रबलता घटे। उन्होंने श्रमण संस्कृति और जैन परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए सभी को मार्गदर्शन दिया।

आचार्य पद की प्रतिष्ठा के प्रसंग का उल्लेख करते हुए मुनिश्री ने कहा कि राजस्थान के नसीराबाद में आचार्य ज्ञानसागर महाराज ने अपनी वृद्धावस्था को देखते हुए अपने ही द्वारा दीक्षित योग्य शिष्य मुनि विद्यासागर को आचार्य पद प्रदान किया था। यह गुरु-शिष्य परंपरा का अत्यंत विरल और अनुकरणीय उदाहरण है। आचार्य ज्ञानसागर महाराज ने आचार्य पद सौंपने के बाद अपने शिष्य को नमस्कार करते हुए अपनी सल्लेखना संपन्न कराने का निवेदन किया था। उस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने लोगों की आंखें भावुकता से भर आई थीं। गुरु द्वारा अपने शिष्य को आचार्य पद प्रदान करना और स्वयं उसके मार्गदर्शन में सल्लेखना ग्रहण करने की भावना रखना भारतीय गुरु परंपरा का अद्भुत आदर्श है।

मुनिश्री ने कहा कि आचार्य श्री ने केवल अपने आत्मकल्याण की साधना नहीं की, बल्कि उनके मार्गदर्शन से विशाल त्यागी समुदाय तैयार हुआ। गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी अनेक श्रावक प्रतिमाधारी बनकर स्वाध्याय और साधना कर रहे हैं। साधक-साधिका आश्रमों की स्थापना, सल्लेखना के प्रति जागरूकता और समाज में त्याग की भावना का विकास भी उनके मार्गदर्शन का परिणाम है। उनके प्रवचनों और संघ की स्वाध्याय परंपरा ने गृहस्थों तथा त्यागियों में ज्ञान के प्रति नई चेतना जगाई।

उन्होंने कहा कि स्वाध्याय से विवेक जागृत होता है और विवेक जागृत होने पर व्यक्ति संयम के मार्ग पर सहजता से आगे बढ़ता है। आचार्य श्री की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि उन्होंने कभी किसी को संयम ग्रहण करने के लिए बाध्य नहीं किया, बल्कि अपनी आदर्श चर्या, त्याग और तपस्या से ऐसा वातावरण बनाया कि उन्हें देखकर अनेक लोग स्वयं संयम मार्ग की ओर प्रेरित होते रहे।

अंत में मुनिश्री ने आचार्य श्री के चरणों में भावांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची विनम्रांजलि होगी। प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में नियम-संयम अपनाए, खान-पान की शुद्धि का विवेक रखे, अभक्ष्य वस्तुओं से बचे, जैन कुल की मर्यादाओं और दिनचर्या का पालन करे तथा सभी प्राणियों, समुदायों और वर्गों के प्रति सद्भावना रखे। हमारा संयम ऐसा हो कि उसे देखकर दूसरे लोग भी संयममय जीवन अपनाने के लिए प्रेरित हों। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का जीवन जिनशासन की उन्नति और मानवता के कल्याण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर प्रातः भक्तामर महामंडल विधान, पूज्य बड़े बाबा का अभिषेक, रिद्धि कलश, शांतिधारा, पूजन, आचार्य श्री पूजन हुई । दोपहर में विद्या भवन में निर्यापक मुनिसंघ सानिध्य में मंगलाचरण, चित्रअनावरण, दीप प्रज्वलन पश्चात आचार्य परमेष्ठी विधान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निर्यापक श्रमण मुनि श्री समता सागर जी ,मुनि श्री पवित्रसागर जी महाराज एवं मुनिसंघ द्वारा आचार्य श्री की व्यक्तित्व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए मंगल उद्बोधन दिया गया। सायंकाल भक्तामर दीप अर्चना पूज्य बड़े बाबा एवं आचार्य श्री की संगीतमय महाआरती की गई। कुण्डलपुर क्षेत्र कमेटी अध्यक्ष चंद्रकुमार सराफ आरके जैन, अशोक सराफ,ललित सराफ अजित कण्डया, पदमचंद खली, अमित त्यागी, राजेंद्र भेड़ा, विजय डायमंड, पुरुषोत्तम जैन आदि पदाधिकारी सदस्यों के साथ ब्रह्मचारी भैया जी ,दीदी जी अनिल पुजारी सहित श्रद्धालु भक्तों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *