कोटा–रतलाम रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की मांग, सिरसा–कोटा एक्सप्रेस के विस्तार का सुझाव

राज्य

कोटा–रतलाम रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की मांग, सिरसा–कोटा एक्सप्रेस के विस्तार का सुझाव

 

हिसार होकर चलने वाली ट्रेन को रतलाम तक बढ़ाने की संभावनाएं तलाशे रेलवे, नागदा सहित आसपास के यात्रियों को मिल सकता है लाभ

नागदा।

क्षेत्र में रेल यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी के उद्देश्य से यात्री विकास एवं सुझाव मंच, नागदा द्वारा रेलवे प्रशासन के समक्ष एक महत्वपूर्ण सुझाव रखा गया है। मंच ने सिरसा–कोटा एक्सप्रेस (19808/19807), जो हिसार होकर संचालित होती है, का रतलाम तक विस्तार किए जाने की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया है।

 

मंच का मानना है कि कोटा से नागदा होते हुए रतलाम तक यात्रियों की आवाजाही और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को देखते हुए इस ट्रेन के विस्तार की व्यवहार्यता का परीक्षण किया जाना चाहिए। यदि परिचालन की दृष्टि से यह प्रस्ताव उपयुक्त पाया जाता है, तो नागदा सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध हो सकती है।

दो वर्षों से अधिक समय से प्रयासरत हैं समाजसेवी राजेश सकलेचा

 

इस रेल सुविधा की मांग को लेकर समाजसेवी राजेश सकलेचा (भाईजी) भी पिछले दो वर्षों से अधिक समय से लगातार प्रयासरत हैं। इस दौरान शहर की कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी इस मांग को समर्थन देते हुए पोस्टकार्ड अभियान चलाया गया था। कोटा से लेकर नागदा और रतलाम तक इस रेल सुविधा की आवश्यकता को लेकर समय-समय पर आवाज उठती रही है। विभिन्न स्तरों पर सामने आए इन प्रयासों से स्पष्ट है कि क्षेत्र के यात्रियों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

परिचालन की व्यवहार्यता का परीक्षण जरूरी

मंच की ओर से रेलवे प्रशासन को सुझाव दिया गया है कि संबंधित ट्रेन की समय-सारणी, रैक की उपलब्धता, रखरखाव व्यवस्था, परिचालन सुविधाओं, यात्रियों की संख्या एवं अन्य तकनीकी पहलुओं का अध्ययन कर यह देखा जाए कि ट्रेन को रतलाम तक विस्तारित करना कितना व्यावहारिक होगा।

इससे कोटा, नागदा, खाचरौद एवं रतलाम के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क का विकल्प मिल सकता है। साथ ही कोटा–नागदा–रतलाम रेलखंड की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में यह एक सकारात्मक कदम हो सकता है।

 

मंच का स्पष्ट उद्देश्य किसी मौजूदा रेल सेवा का विरोध करना अथवा किसी अन्य रेल सुविधा को प्रभावित करना नहीं है। यह मांग केवल क्षेत्र के यात्रियों को अधिक सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध कराने और रेल सेवाओं के विस्तार की संभावनाओं पर विचार करने की भावना से की जा रही है।

 

रेलवे प्रशासन से अपेक्षा है कि यात्री हित एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस सुझाव का तकनीकी और परिचालन स्तर पर परीक्षण कर उचित निर्णय लेने की दिशा में पहल की जाएगी।

 

मंच की ओर से सुझाव देने वालों मेंराजेश सकलेचा (भाईजी) , सहित मंच के समस्त सदस्य शामिल हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *