वागड़ से पधारे 18 हजार दशा हूमड़ समाज के अध्यक्ष दिनेश जी खोड़निया ने गुरुदेव के चरणों में अर्पित की भावनाएं, वागड़ पधारने का किया निवेदन

धर्म

वागड़ से पधारे 18 हजार दशा हूमड़ समाज के अध्यक्ष दिनेश जी खोड़निया ने गुरुदेव के चरणों में अर्पित की भावनाएं, वागड़ पधारने का किया निवेदन

 

 

नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर।

आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के दर्शन हेतु वागड़ क्षेत्र से पधारे 18 हजार दशा हूमड़ समाज के अध्यक्ष श्री दिनेश जी खोड़निया ने गुरुदेव के श्रीचरणों में उपस्थित होकर विनयपूर्वक वागड़ क्षेत्र में पधारने का भावपूर्ण निवेदन किया। उन्होंने गुरुदेव के समक्ष वागड़ की समस्त समाज की भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया कि गुरुदेव ने कभी सागवाड़ा में एक भव्य पावापुरी के निर्माण का जो स्वप्न देखा था, वह अब पूर्णता की ओर अग्रसर है। समाज की हार्दिक भावना है कि इस पावन कार्य की प्रतिष्ठा आचार्य श्री सुनीलसागर जी गुरुदेव के मंगल सान्निध्य में संपन्न हो।

 

उन्होंने समस्त वागड़वासियों की ओर से गुरुदेव से मंगलमय आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आगामी 7 अक्टूबर 2027 को आयोजित होने वाले गुरुदेव के 50वें स्वर्णिम अवतरण दिवस को वागड़ की पावन धरा पर मनाने की भावना भी व्यक्त की।

 

इस अवसर पर गुरुदेव ने प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए कहा कि “सपने वे सफल नहीं होते, जो बंद आंखों से देखे जाते हैं, बल्कि सफलता उन सपनों को मिलती है, जिन्हें खुली आंखों से देखा जाता है और जिन्हें साकार करने के लिए निरंतर पुरुषार्थ किया जाता है।”

 

गुरुदेव ने आगे कहा कि जीवन में ऐसे सपने देखने चाहिए, जो केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न हों, बल्कि जैन धर्म की महिमा और गरिमा को बढ़ाने वाले हों। जैन धर्म के प्रचार-प्रसार, उसके विकास और समाज के आध्यात्मिक उत्थान के साथ-साथ आत्मकल्याण के लक्ष्य को लेकर भी स्वप्न देखने चाहिए।

 

गुरुदेव के इन प्रेरणादायी वचनों ने उपस्थित जनसमुदाय को धर्म, समाज और आत्मकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा प्रदान की।

माही जैन धीरावत पीपलखूंट प्रतापगढ़ से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *