रामगंजमंडी नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक में सियासी घमासान, कांग्रेस पार्षदों का बहिष्कार
सीमेंट रोड पर बनेगा भव्य आधुनिक स्वागत द्वार, सात सूत्री एजेंडे में वार्डों के विकास से लेकर अनुकंपा नियुक्ति तक के प्रस्ताव शामिल
रामगंजमंडी। नगर पालिका के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली साधारण सभा गुरुवार को हंगामे और राजनीतिक खींचतान के बीच आयोजित हुई। पहली ही बैठक में जहां शहर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई, वहीं बैठक शुरू होने में देरी को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए सदन का बहिष्कार कर दिया। नेता प्रतिपक्ष पवन बाबेल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद बैठक कक्ष से बाहर निकल गए।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे पालिका सभागार में बैठक आयोजित होनी थी। लेकिन निर्धारित समय पर कार्यवाही शुरू नहीं होने से कांग्रेस पार्षद नाराज हो गए। नेता प्रतिपक्ष पवन बाबेल ने बताया कि कांग्रेस पार्षद करीब आधे घंटे तक बैठक कक्ष में बैठकर इंतजार करते रहे, लेकिन बैठक शुरू नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
सीमेंट रोड पर बनेगा आधुनिक स्वागत द्वार, शहर को मिलेगी नई पहचान
बैठक में शहर के प्रमुख मार्ग सीमेंट रोड पर नगरीय सीमा क्षेत्र में आधुनिक स्वागत द्वार बनाने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। स्वागत द्वार के निर्माण से शहर के प्रवेश मार्ग को आकर्षक स्वरूप देने के साथ रामगंजमंडी की पहचान को भी नया आयाम मिलने की उम्मीद है।


वार्डों की समस्याओं पर पार्षदों ने उठाई आवाज
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और सड़कों की बदहाल स्थिति जैसे मुद्दे छाए रहे। पार्षदों ने नियमित सफाई कराने, खराब स्ट्रीट लाइट बदलवाने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाने की आवश्यकता बताई।

### सात सूत्री एजेंडे में विकास कार्यों और नियुक्तियों के प्रस्ताव
नगर पालिका की बैठक में सात सूत्री एजेंडा रखा गया। इसमें प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य करवाने, स्ट्रीट लाइट एवं फेज वायर खरीदने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे। इसके अलावा मृतक आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने तथा एक अन्य आश्रित को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नियुक्त करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, एसडीएम हर्षित वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला, अधिशासी अधिकारी दीपक नागर, उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया, पूर्व पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल, विजय गौतम एवं कमल पारेता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

**अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी की रिपोर्ट**
मोबाइल : 9929747312
