# खैराबाद-चेचट में चुनावी सरगर्मी तेज, 34 वार्डों में 132 नामांकन दाखिल
**नामांकन के अंतिम दिन भाजपा-कांग्रेस ने निर्वाचन अधिकारी को सौंपे सिंबल, निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी ठोकी ताल**
**खैराबाद में 74 और चेचट में 58 नामांकन जमा, 17 अक्टूबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच**
**रामगंजमंडी।*
* कोटा जिले में पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण को लेकर खैराबाद और चेचट पंचायत समितियों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन दोनों पंचायत समितियों के 34 वार्डों में कुल 132 नामांकन पत्र जमा हुए। अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के सिंबल भी निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को रोचक बनाने के संकेत दिए हैं।
नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक दलों की सक्रियता देखने को मिली। भाजपा की ओर से मंत्री मदन दिलावर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रत्याशियों के सिंबल जमा करवाए। वहीं, कांग्रेस की ओर से विधानसभा प्रत्याशी रहे महेंद्र राजोरिया ने प्रत्याशियों के सिंबल निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। हालांकि, दोनों प्रमुख दलों की ओर से फिलहाल प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।

## खैराबाद में 74, चेचट में 58 नामांकन
दोनों पंचायत समितियों के 17-17 वार्डों में नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 132 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें खैराबाद पंचायत समिति के 17 वार्डों के लिए 74 नामांकन दाखिल किए गए, जबकि चेचट पंचायत समिति के 17 वार्डों में 58 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा करवाए।

नामांकन के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की सक्रियता ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया है। अब सभी की नजरें नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पर टिकी हैं। इसके बाद ही चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।


## 17 अक्टूबर को जांच, 19 अक्टूबर तक नाम वापसी
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी।


पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत 28 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। ऐसे में आने वाले दिनों में खैराबाद और चेचट पंचायत समितियों के वार्डों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
