*श्री महावीर जी में होगा 26वें यंग जैना अवार्ड (YJA) 2026 का भव्य आयोजन*
_देशभर की जैन मेधावी प्रतिभाओं का होगा सम्मान, डॉ. रेणु जैन एवं वरिष्ठ पत्रकार सुश्री शोभना जैन रहेंगी मुख्य अतिथि_
श्री महावीर जी, राजस्थान।
परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं पूज्य आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के परम आशीर्वाद तथा पूज्य मुनि श्री क्षमासागर जी महाराज की पावन प्रेरणा से मैत्री समूह द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 26वाँ यंग जैना अवार्ड (YJA) समारोह 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक सुप्रसिद्ध जैन तीर्थ श्री महावीर जी, राजस्थान में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस समारोह में देशभर के प्रतिभाशाली जैन छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा तथा उन्हें जीवन में सफलता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मैत्री समूह के डॉ.सुजश जैन ‘मारौरा’ ने बताया कि वर्ष 2001 में शिवपुरी से प्रारंभ हुई यंग जैना अवार्ड YJA की यात्रा आज देश की जैन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले विशिष्ट आयोजनों में अपना महत्वपूर्ण स्थान बना चुकी है। मैत्री समूह की इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना है।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले प्रख्यात करियर काउंसलरों, शिक्षाविदों एवं विद्वानों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, भविष्य के लिए उचित लक्ष्य निर्धारित करने तथा जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा देगा।
समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. रेणु जैन, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर की पूर्व कुलगुरु होंगी। शिक्षा एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रशासन में उनके व्यापक अनुभव से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम की द्वितीय मुख्य अतिथि सुश्री शोभना जैन, सुप्रसिद्ध वरिष्ठ पत्रकार, अंतरराष्ट्रीय मामलों की विशेषज्ञ एवं महिला पत्रकारों के संगठन इंडियन विमेन्स प्रेस कॉर्प्स (IWPC) की अध्यक्ष हैं। वे विभिन्न समाचार चैनलों से जुड़ी रही हैं तथा देश के प्रतिष्ठित समाचार-पत्रों में नियमित रूप से अपने विचारपरक कॉलम लिखती हैं। पत्रकारिता एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों में उनका अनुभव विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक होने और व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करेगा।
यंग जैना अवार्ड YJA केवल प्रतिभाओं के सम्मान का समारोह नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, व्यक्तित्व विकास, धर्म से जोड़ना एवं सामाजिक चेतना को एक सूत्र में पिरोने वाला प्रेरणादायी अभियान है। श्री महावीर जी की पावन भूमि पर आयोजित होने वाला यह त्रिदिवसीय आयोजन विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने, नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।
मैत्री समूह का यह प्रयास जैन समाज की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनमें ज्ञान, नैतिकता और सेवा की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






