ताजमहल की भव्यता के बीच मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज का मंगल आगमन

धर्म

ताजमहल की भव्यता के बीच मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज का मंगल आगमन

 

ऐतिहासिक स्थापत्य कला को निहारा, धरोहरों के संरक्षण को बताया समाज का दायित्व

 

आगरा।

सूर्योदय की सुनहरी किरणों के बीच बुधवार की सुबह आगरा की ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल का परिसर उस समय विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया, जब मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज ससंघ ने यहां मंगल आगमन कर ताजमहल की अद्भुत स्थापत्य कला एवं वास्तुशिल्प का अवलोकन किया।

 

प्रातः करीब 6:30 बजे मुनिश्री ससंघ ताजमहल पहुंचे। श्वेत संगमरमर की भव्यता, बारीक कलात्मक नक्काशी, वास्तुशिल्प की अद्वितीय संरचना और ऐतिहासिक विशेषताओं को उन्होंने शांत भाव से निहारा। इस दौरान ताजमहल के निर्माण, उसकी स्थापत्य शैली तथा ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त की।

मुनिश्री के ताजमहल पहुंचने से वहां मौजूद श्रद्धालुओं और जैन समाज के लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने मुनिश्री के मंगल दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ऐतिहासिक धरोहर की भव्यता और संत सानिध्य का यह अवसर उपस्थित लोगों के लिए विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभूति का विषय बना।

 

कला, संस्कृति और इतिहास की जीवंत पहचान हैं धरोहरें

 

इस अवसर पर मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज ने कहा कि भारत की ऐतिहासिक धरोहरें केवल पत्थरों और इमारतों का स्वरूप नहीं हैं, बल्कि वे देश की समृद्ध कला, संस्कृति, स्थापत्य परंपरा और गौरवशाली इतिहास की जीवंत पहचान हैं। इन धरोहरों का संरक्षण करना और आने वाली पीढ़ियों को इनके महत्व से परिचित कराना समाज की जिम्मेदारी है।

 

राहुल विहार जैन मंदिर के लिए हुआ मंगल विहार

 

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4 बजे ताजगंज जैन मंदिर से मुनिश्री ससंघ का राहुल विहार जैन मंदिर के लिए मंगल विहार हुआ।

 

राहुल विहार जैन मंदिर में मुनिश्री के मंगल सानिध्य में 1 अक्टूबर को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव तथा 3 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक श्री कल्पतरु महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा। इन धार्मिक आयोजनों को लेकर आगरा के जैन समाज में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है।

 

मुनिश्री के ताजमहल अवलोकन के दौरान छीपीटोला एवं ताजगंज जैन समाज से संजय बाबू जैन, संजय जैन, विजय जैन, योगेश जैन, विनय जैन, अरिहंत जैन, उत्सव जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित नमोऽस्तु शासन संघ के युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी

मो. 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *