सामूहिक क्षमायाचना के साथ तपस्वियों का सम्मान, बच्चों ने भी दिखाई तप-साधना की मिसाल
रामगंजमंडी।
सोलहकारण व्रत एवं दशलक्षण पर्व की साधना पूर्ण होने के बाद जैन समाज में इन दिनों तपस्वियों की अनुमोदना और सामूहिक क्षमायाचना के आयोजन हो रहे हैं। इसी क्रम में श्री दिगंबर जैन सोशल ग्रुप रामगंजमंडी की ओर से श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन नसिया में सामूहिक क्षमायाचना एवं तपस्वी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री शांतिनाथ के समक्ष आलोचना पाठ से हुई। समूह के सदस्यों ने वर्षभर में हुई ज्ञात-अज्ञात भूलों के लिए भगवान के समक्ष क्षमायाचना की। इसके साथ ही सदस्यों ने एक-दूसरे से विनयपूर्वक क्षमा मांगते हुए ‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ की भावना को आत्मसात किया।

इसके बाद तपस्वियों का सम्मान कर उनकी उत्कृष्ट साधना की अनुमोदना की गई। आयोजन का संचालन समूह अध्यक्ष राजीव बाकलीवाल ने किया।
तपस्वियों की साधना को किया नमन
सम्मान समारोह में नीरज जैन द्वारा की गई सोलहकारण व्रत की साधना के लिए उनका दुपट्टा, माला, प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं रेणु जैन मित्तल ने दस उपवास की साधना की, जिसकी उपस्थितजनों ने अनुमोदना की।
महिला शक्ति ने भी तप-साधना में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। प्रिया जैन विनायका, मेघा जैन चेलावत एवं पांच-पांच उपवास की उत्कृष्ट साधना की। इसकेवहीं रेखा जैन शाह ने दस दिन अखंड मौन व्रत की साधना की।
बच्चों ने भी दिखाया तप का उत्साह
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि छोटे-छोटे बच्चों ने भी तप-साधना में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। खुशांशी जैन मित्तल, अमीषी जैन शाह एवं विवान जैन सुरलाया ने तीन उपवास की साधना कर तप के प्रति अपनी आस्था और संस्कारों का परिचय दिया। साथ ही रेखा जैन लांबाबांस ने तीन उपवास की साधना की।
तपस्वियों की साधना की अनुमोदना करते हुए सदस्यों ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच भी तपस्या के मार्ग पर दृढ़ रहना साधकों की आत्मशक्ति और धर्म के प्रति समर्पण का परिचायक है। तपस्वियों का सम्मान केवल अभिनंदन नहीं, बल्कि समाज के लिए उनकी साधना से प्रेरणा लेने का अवसर भी है।
श्री दिगंबर जैन सोशल ग्रुप की ओर से बताया गया कि समूह द्वारा प्रतिवर्ष तपस्वियों के सम्मान एवं सामूहिक क्षमायाचना का यह आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम ने समाज में क्षमा, तप, संयम और परस्पर सौहार्द की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
अभिषेक जैन लुहाड़िया
रामगंजमंडी से रिपोर्ट
मो. 9929747312











