पवित्र होकर लोकतंत्र के महापर्व में पहुंचे मतदाता, मतदान को बनाया संस्कार
रामगंजमंडी में मतदान को लेकर खासा उत्साह, मंदिर में अभिषेक-पूजन के बाद शुद्ध धोती-दुपट्टे में मतदान केंद्र पहुंचे श्री सिद्धार्थ बाबरिया
रामगंजमंडी।
स्थानीय निकाय चुनाव के लिए बुधवार को रामगंजमंडी नगर पालिका क्षेत्र में मतदान शुरू होते ही लोकतंत्र के महापर्व का उत्साह नजर आने लगा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है। प्रत्याशी और उनके समर्थक भी मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और अपने पक्ष में मतदान की अपील करने में जुटे हुए हैं।
मतदान के बाद लौट रहे मतदाताओं के चेहरों पर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाने की खुशी दिखाई दे रही है। अनेक मतदाता लोगों से भी अपील कर रहे हैं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
मंदिर में अभिषेक-पूजन के बाद पहुंचे मतदान करने
इसी बीच वार्ड संख्या 11 में एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई। धर्मनिष्ठ व्यक्तित्व श्री सिद्धार्थ बाबरिया मंदिर में अभिषेक-पूजन करने के बाद शुद्ध धोती-दुपट्टे में मतदान करने पहुंचे। उनका यह अंदाज मतदान केंद्र पर चर्चा का विषय बन गया।

जब उनसे पूछा गया कि वे इस तरह शुद्ध होकर मतदान करने क्यों पहुंचे, तो उन्होंने कहा कि “मतदान भी एक प्रकार का पर्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए और जहां तक संभव हो, पवित्र एवं शुद्ध होकर इस लोकतंत्र के पर्व में सहभागी बनना चाहिए।”
उनकी यह सोच मतदान दिवस को एक अलग ही संदेश देती नजर आई। मतदान केवल सरकार या प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने नगर और देश के भविष्य में भागीदारी निभाने का अवसर भी है।
एक-एक वोट की होती है अहम भूमिका
रामगंजमंडी में सामने आई यह तस्वीर उन लोगों के लिए भी संदेश है जो मतदान को लेकर उदासीन रहते हैं। लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण होता है और एक-एक वोट नगर के विकास की दिशा तय करने में भूमिका निभाता है। ऐसे में मतदान को केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक पर्व के रूप में मनाने की जरूरत है।
परिवार सहित मतदान करने पहुंचे वरिष्ठ व्यापारी
वहीं वार्ड संख्या 12 में वरिष्ठ व्यापारी राजकुमार बोथरा भी अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। मतदान के बाद उन्होंने प्रत्याशी के साथ फोटो भी खिंचवाई।

रामगंजमंडी में मतदान के दौरान जिस तरह लोगों में उत्साह नजर आ रहा है, उससे स्पष्ट है कि मतदाता अपने मत की ताकत को समझते हुए नगर की आगामी दिशा तय करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
अभिषेक जैन लुहाड़िया | रामगंजमंडी
मोबाइल: 9929747312





