रामगंजमंडी में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में नुक्कड़ सभा
प्रहलाद गुंजल और महेंद्र राजोरिया ने वार्ड 8 की भंवर कुंवर व वार्ड 9 के योगेश गुप्ता के पक्ष में मांगे वोट
रामगंजमंडी।
नगर पालिका चुनाव को लेकर रामगंजमंडी में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी लगातार जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन और मतदान की अपील कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर मतदाताओं से पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे एवं रामगंजमंडी क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री प्रहलाद गुंजल तथा रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे श्री महेंद्र राजोरिया ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने वार्ड संख्या 8 की कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती भंवर कुंवर एवं वार्ड संख्या 9 के कांग्रेस प्रत्याशी श्री योगेश गुप्ता के समर्थन में मतदान की अपील की।
सभा स्थल पर पहुंचने पर वार्डवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं निर्वाचित पार्षद श्री पवन बाबेल, पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय गौतम, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय सांवला, सुरेश कुमार लूथरा एवं विक्रम भदौरिया सहित अनेक कार्यकर्ता एवं वार्डवासी मौजूद रहे।

“आपकी समस्या को अपनी समस्या समझकर करूंगी काम” — भंवर कुंवर
वार्ड संख्या 8 की कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती भंवर कुंवर ने वार्डवासियों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो वे वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी और किसी भी प्रकार की समस्या को लेकर वार्डवासियों को परेशान नहीं होने देंगी।
“नाले की समस्या का समाधान मेरी प्राथमिकता” — योगेश गुप्ता
वार्ड संख्या 9 के कांग्रेस प्रत्याशी श्री योगेश गुप्ता ने कहा कि वे वार्डवासियों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने वार्ड में नाले की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि उन्हें अवसर मिलता है तो इस समस्या के समाधान के लिए प्राथमिकता से प्रयास किया जाएगा।
महेंद्र राजोरिया ने भाजपा पर साधा निशाना
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए श्री महेंद्र राजोरिया ने भारतीय जनता पार्टी एवं कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामगंजमंडी क्षेत्र में सड़क, जलभराव, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जगह-जगह सड़कें खराब हैं, पानी भरने की समस्या है और कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खुले में घूमते पशुओं के कारण भी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। राजोरिया ने कहा कि जनता को बड़ी-बड़ी बातें नहीं, बल्कि धरातल पर विकास और समस्याओं का समाधान चाहिए।
“योगेश गुप्ता के विकास की गारंटी मैं लेता हूं” — प्रहलाद गुंजल
सभा को संबोधित करते हुए श्री प्रहलाद गुंजल ने वार्ड 8 एवं वार्ड 9 के कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों प्रत्याशी विकास और जनसेवा के लिए कार्य करेंगे।
गुंजल ने कहा, “मैं योगेश गुप्ता के लिए विकास की उतनी ही गारंटी ले सकता हूं, जितनी मैंने विजय गौतम के लिए ली थी।” उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों की जिम्मेदारी तय करने की बात कहते हुए कहा कि जनता यदि विश्वास करके उन्हें मौका देती है तो वे विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास करेंगे।
“12 साल का हिसाब दीजिए, मैं अपने 5 साल का हिसाब दूंगा”
प्रहलाद गुंजल ने अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर भी निशाना साधा। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सवाल उठाए और कहा कि लंबे समय से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद यदि समस्याएं बनी हुई हैं तो जनता को इसका जवाब मिलना चाहिए।
उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल में क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए ताकली डेम, क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन तथा निमाना में बिजली पहुंचाने जैसे कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रामगंजमंडी के विकास के लिए उन्होंने अपने स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ी।
गुंजल ने कहा कि रामगंजमंडी क्षेत्र में रोजगार और कोटा स्टोन उद्योग से जुड़े मुद्दे भी गंभीर हैं। उन्होंने बेरोजगारी की समस्या के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कही।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने विपक्षी नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि “आप 12 साल का हिसाब दीजिए, मैं अपने 5 साल का हिसाब दूंगा।” उन्होंने कहा कि चुनाव केवल भाषणों और नारों के आधार पर नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और लोककल्याण के मुद्दों पर होना चाहिए।
कांग्रेस प्रत्या सभा के अंत में कांग्रेस नेताओं एवं प्रत्याशियों ने वार्डवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने तथा वार्ड 8 से श्रीमती भंवर कुंवर एवं वार्ड 9 से श्री योगेश गुप्ता को समर्थन देने की अपील की। नुक्कड़ सभा के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया





