ब्रह्माकुमारी संस्थान के नशा मुक्ति अभियान से रामगंजमंडी क्षेत्र में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, 25 हजार से अधिक बच्चों व शिक्षकों ने लिया संकल्प* 

राज्य

*ब्रह्माकुमारी संस्थान के नशा मुक्ति अभियान से रामगंजमंडी क्षेत्र में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, 25 हजार से अधिक बच्चों व शिक्षकों ने लिया संकल्प* 

 

 

रामगंजमंडी

ब्रह्माकुमारी संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी प्रकाशमणि जी के पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर अगस्त माह को नशा मुक्ति जागरूकता माह के रूप में मनाते हुए ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा देशव्यापी नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। संस्थान द्वारा देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशा मुक्त जीवन अपनाने की प्रतिज्ञा दिलाने का संकल्प लिया गया है।

 

 

इसी अभियान के अंतर्गत रामगंजमंडी ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र द्वारा रामगंजमंडी सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। ब्रह्माकुमारी शीतल दीदी, मुख्य संचालिका, ब्रह्माकुमारी आश्रम रामगंजमंडी, के मार्गदर्शन में ब्रह्माकुमारी जागृति दीदी, ब्रह्माकुमारी गरिमा दीदी एवं ब्रह्माकुमारी हर्षिता दीदी ने अथक रूप से सेवा करते हुए विभिन्न विद्यालयों एवं स्थानों पर पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान बहनों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को समझाया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने सभी को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।

यह जागरूकता अभियान रामगंजमंडी, चेचट, सुकेत, पिपाखेड़ी, खेराबाद, सातलखेड़ी एवं मोड़क सहित आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचाया गया। अभियान में सरकारी, निजी, सीबीएसई एवं आरबीएसई विद्यालयों को सम्मिलित किया गया। इस दौरान लगभग 25 हजार विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई।

अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगंजमंडी, हीरा भाई परिख बागली उच्च माध्यमिक विद्यालय, एमजी ग्लोबल स्कूल, शेफील्ड इंटरनेशनल स्कूल, अन्नपूर्णा उच्च माध्यमिक विद्यालय, विनायक ज्ञान भारती स्कूल, टैगोर माध्यमिक विद्यालय, यूदान मॉडल स्कूल, आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, इंडियन रिचुअल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सर्वोत्तम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नवोदय विद्यालय, उड़ान स्कूल, चेचट के स्वामी विवेकानंद स्कूल, काश्निक सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं एलएसके एकेडमी सहित अनेक विद्यालयों में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। खेराबाद एवं मोड़क क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। यदि उनके परिवार या परिचितों में कोई व्यक्ति नशे की आदत से प्रभावित है, तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ सकारात्मक सहयोग प्रदान करेंगे।

ब्रह्माकुमारी शीतल दीदी एवं उनकी सहयोगी बहनों द्वारा पूरे क्षेत्र में अथक रूप से की गई इस सेवा से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचा। विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

ब्रह्माकुमारी बहनों ने कहा कि आज का युवा ही भारत का भविष्य है। युवा शक्ति को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर शिक्षा, संस्कार, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाना समय की आवश्यकता है। जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेगा, तभी एक स्वस्थ, संस्कारवान और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव होगा।

रामगंजमंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में चलाया गया यह अभियान जन-जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा, जिसमें हजारों बच्चों एवं शिक्षकों की सहभागिता ने इसे व्यापक जन-अभियान का स्वरूप प्रदान किया।

  अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *