पुण्य कर्मों का उदय था, जो मिला ध्वजारोहण-अभिषेक का अवसर”—राकेश मड़िया

धर्म

“पुण्य कर्मों का उदय था, जो मिला ध्वजारोहण-अभिषेक का अवसर”—राकेश मड़िया

 

“कैथुली आने के लिए मुझे किसी निमंत्रण की आवश्यकता नहीं”—विधायक चंदर सिंह सिसोदिया

 

पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ भी पहुंचे कैथुली, क्षेत्र कमेटी ने किया अभिनंदन; ‘जय पार्श्वनाथ’ के जयकारों से गूंजा अतिशय क्षेत्र

 

रामगंजमंडी।

प्रसिद्ध अतिशय क्षेत्र कैथुली में भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव को मुकुट सप्तमी के रूप में भव्यता, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। नगर से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित कैथुली में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र श्रद्धालुओं से भर गया और ‘जय पार्श्वनाथ’ के जयकारों एवं भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

 

महोत्सव में जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। कोटा जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राकेश जैन मड़िया, भानपुरा-गरोठ विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया तथा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री देवीलाल धाकड़ कैथुली पहुंचे। क्षेत्र कमेटी द्वारा तीनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

 

“निश्चित ही मेरे पुण्य कर्मों का उदय है”—राकेश मड़िया

 

महोत्सव का शुभारंभ विधि-विधानपूर्वक ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण का सौभाग्य श्री राकेश जैन मड़िया एवं श्रीमती सुनीता जैन मड़िया परिवार, कोटा को प्राप्त हुआ।

 

इस अवसर पर श्री राकेश मड़िया का क्षेत्र कमेटी द्वारा अभिनंदन किया गया। अपने भावपूर्ण उद्बोधन में उन्होंने कहा—

 

“निश्चित ही यह मेरे पुण्य कर्मों का उदय है, जो आज मुझे ध्वजारोहण का अवसर मिला। साथ ही भगवान के अभिषेक और शांतिधारा का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। मैं आप लोगों के बीच का ही हूं। आपने मुझे यहां बुलाया, इसके लिए मैं हृदय से आपका नमन करता हूं।”

 

उनके इस भावपूर्ण संबोधन पर श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

 

“कैथुली आने के लिए मुझे निमंत्रण की आवश्यकता नहीं”—विधायक सिसोदिया

 

महोत्सव में भानपुरा-गरोठ क्षेत्र के विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया भी पहुंचे। क्षेत्र कमेटी द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आयोजन की भव्यता को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

 

विधायक सिसोदिया ने कहा—

 

“इस क्षेत्र पर आने के लिए मुझे कोई निमंत्रण की आवश्यकता नहीं है। यह मेरा अपना क्षेत्र है और यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों से मेरा आत्मीय जुड़ाव है। आप लोगों ने जो सम्मान और अपनापन दिया है, उसके लिए मैं कोटि-कोटि आभारी हूं।”

 

उनके इस कथन ने श्रद्धालुओं के बीच विशेष भावनात्मक प्रभाव छोड़ा।

 

पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ भी पहुंचे

 

महोत्सव में क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री देवीलाल धाकड़ भी विशेष रूप से पधारे। उनके कैथुली पहुंचने पर क्षेत्र कमेटी द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की तथा क्षेत्र में चल रही धार्मिक गतिविधियों की सराहना की।

 

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

 

अभिषेक और शांतिधारा के लिए लगी लंबी कतारें

 

ध्वजारोहण के पश्चात भगवान पार्श्वनाथ के प्रथम दर्शन, अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन हुआ। प्रथम अभिषेक का सौभाग्य श्री राकेश जैन मड़िया परिवार, कोटा को प्राप्त हुआ, जबकि शांतिधारा का सौभाग्य श्री कैलाश-अजय कुमार जैन, कोटा को मिला।

 

इसके बाद श्रद्धालुओं में भगवान का अभिषेक करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। देखते ही देखते अभिषेक के लिए लंबी कतारें लग गईं। भक्ति, मंत्रोच्चार और जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो उठा।

 

मुख्य पांडाल का हुआ लोकार्पण

 

महोत्सव के दौरान मुख्य पांडाल का लोकार्पण प्रभुलाल जैन एवं ज्ञानचंद जैन ठग परिवार, बोराव द्वारा किया गया। परिवार का तिलक, माला एवं मुकुट पहनाकर सम्मान किया गया। इसके बाद मुख्य पांडाल में श्रीजी को विधि-विधानपूर्वक विराजमान किया गया।

 

मुख्य पांडाल में देव-शास्त्र-गुरु के चित्र का अनावरण संजय कुमार एवं राजेंद्र कुमार चौधरी, गरोठ द्वारा किया गया। दीप प्रज्वलन का सौभाग्य श्रीमती भंवरीबाई एवं निर्मल कुमार खटोड़ परिवार, सिंगोली को प्राप्त हुआ।

 

अतिथि सम्मान और धर्म प्रभावना में दिखा उत्साह

 

‘अतिथि देवो भवः’ की भावना को साकार करते हुए अतिथि सम्मान का सौभाग्य करुणेश गौरव चौधरी किंगश्री परिवार, रामगंजमंडी को प्राप्त हुआ। वहीं धर्म प्रभावना के पुनीत कार्य का सौभाग्य कैलाशचंद संजय जैन, कोटा निवासी को प्राप्त हुआ।

 

भक्तिभाव से हुआ भगवान पार्श्वनाथ महामंडल विधान

 

महोत्सव की बेला में भगवान पार्श्वनाथ महामंडल विधान का भव्य आयोजन हुआ। विधान के दौरान श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आए। महामंडल विधान का सौभाग्य श्री बालचंद एवं नगीना बाई ठग परिवार, छोटी बिजोलिया को प्राप्त हुआ।

 

विधान के दौरान मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात आयोजन में विभिन्न सेवाओं और व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले सहयोगियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

 

निर्वाण लाडू समर्पण बना विशेष आकर्षण

 

महोत्सव के समापन अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ के समक्ष निर्वाण लाडू समर्पित किया गया। अन्य वेदियों पर भी निर्वाण लाडू अर्पित किए गए। निर्वाण लाडू समर्पण का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

 

भगवान पार्श्वनाथ के समक्ष निर्वाण लाडू समर्पित करने का सौभाग्य श्री रमेशचंद राजमल सेठिया, सांगोद को प्राप्त हुआ।

 

अन्य वेदियों पर निर्वाण लाडू समर्पित करने का सौभाग्य श्री पारस जैन-अंकित जैन, इंदौर; श्री सुरेंद्र जैन-अमित जैन गोधा, कोटा तथा श्री विनोद कुमार-सुनील कुमार सुरलाया, कोटा को प्राप्त हुआ।

 

क्षेत्र कमेटी ने संभाली व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी

 

पूरे आयोजन को सफल बनाने में अतिशय क्षेत्र कैथुली की क्षेत्र कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमेटी के संरक्षक नाथूलाल जैन एवं सिद्धार्थ जैन बाबरिया, कार्याध्यक्ष सुनील जैन सुरलाया, उपाध्यक्ष रितेश ठाई, कोषाध्यक्ष सुनील जैन चाचा, महामंत्री मनीष जैन हरसोरा, कोषाध्यक्ष सुनील जैन दुगेरिया चाचा, संवैधानिक सलाहकार रविन्द्र हरसोला एवं निर्माण मंत्री मुकेश जैन जम्बू बागडिया सहित समस्त क्षेत्र कमेटी ने व्यवस्थाओं को कुशलता से संभाला।

 

आयोजन में श्री वीर जैन सोशल ग्रुप रामगंजमंडी एवं सुप्रभात समूह रामगंजमंडी सहित अनेक संस्थाओं का सक्रिय सहयोग रहा।

 

श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था

 

महोत्सव में पहुंचे श्रद्धालुओं के अल्पाहार एवं वात्सल्य भोज का पुण्यलाभ मातुश्री संतोषबाई, प्रमोदकुमार एवं सुरेशकुमार जैन बाबरिया परिवार, दौतड़ा वाले, रामगंजमंडी को प्राप्त हुआ।

 

कई शहरों से उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 

भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव में भानपुरा, रामगंजमंडी, झालरापाटन, कोटा, भवानीमंडी, सिंगोली, बोराव, रावतभाटा, पिड़ावा सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैथुली पहुंचे।

 

दिनभर श्रद्धालुओं की अपार उपस्थिति, धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और ‘जय पार्श्वनाथ’ के गगनभेदी जयकारों से अतिशय क्षेत्र कैथुली का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।

 

मुकुट सप्तमी का यह भव्य आयोजन भगवान पार्श्वनाथ की भक्ति, आस्था, तप और निर्वाण की भावना को समर्पित अविस्मरणीय धार्मिक पर्व बन गया।

अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

मो.: 9929747312

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *