धूमधाम और देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया 80वां राष्ट्रीय पर्व स्वाधीनता दिवस
रामगंजमंडी।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रोसली रोड रामगंजमंडी में 80वां राष्ट्रीय पर्व स्वाधीनता दिवस बड़े ही हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम का माहौल दिखाई दिया और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में भाग लिया।
गगनभेदी नारों के साथ निकली प्रभात फेरी
स्वाधीनता दिवस समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा गगनभेदी देशभक्ति नारों के साथ प्रभात फेरी निकालकर की गई। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों में देश के प्रति उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण संस्था प्रधान रामकुमार शर्मा द्वारा किया गया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

निवर्तमान पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल ने की ट्यूबवेल की घोषणा
समारोह के मुख्य अतिथि निवर्तमान पालिका अध्यक्ष श्री अखिलेश मेड़तवाल ने विद्यालय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में ट्यूबवेल लगवाने की घोषणा की। घोषणा होते ही विद्यालय परिवार एवं उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस पहल से विद्यालय में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।

नन्हे-मुन्ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
स्वाधीनता दिवस के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीतों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
विशिष्ट अतिथि रामसहाय गुर्जर ने सभी का साफा बांधकर स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं श्री नवलकिशोर गुप्ता ने अपनी ओर से विद्यालय के सभी बच्चों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अभिषेक तिवारी के कुशल संचालन ने बांधा समां
कार्यक्रम का कुशल संचालन ‘भूरा’ फिल्म के निर्माता-निर्देशक श्री अभिषेक तिवारी ने किया। उनके प्रभावी एवं रोचक संचालन ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा और समारोह में उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
विद्यालय की उपलब्धियों और आवश्यकताओं से कराया अवगत
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण बेला में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकुमार शर्मा ने विद्यालय की शैक्षिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को दी। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी ग्रामवासियों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समूचा आयोजन राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, अतिथियों के प्रेरणादायी उद्बोधन और विद्यालय परिवार के प्रयासों ने स्वाधीनता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। समारोह ने उपस्थित सभी लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और देश के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल किया।
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312





