हैदराबाद विश्वविद्यालय में लोक गायक मोहित राही का चयन, संगीत विभाग में करेंगे पीएचडी — रीछड़िया गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर
रामगंजमंडी।
समीपवर्ती रीछड़िया गांव के युवा लोक गायक मोहित राही का हैदराबाद विश्वविद्यालय के संगीत विभाग में पीएचडी हेतु चयन होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस उपलब्धि पर गायत्री शक्तिपीठ, रामगंजमंडी में गायत्री परिवार एवं डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन (दिया) के सदस्यों ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत कर मुंह मीठा कराया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
मोहित राही लंबे समय से हाड़ौती एवं राजस्थान की समृद्ध लोक संगीत परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनकी मधुर लोक गायकी ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वक्ताओं ने कहा कि मोहित राही का हैदराबाद विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में पीएचडी के लिए चयन न केवल रीछड़िया गांव, बल्कि पूरे रामगंजमंडी, हाड़ौती अंचल और राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। उनका शोध लोक संगीत की प्राचीन परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी तक उसके प्रभावी प्रसार में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने मोहित राही का अभिनंदन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने शोध एवं संगीत साधना के माध्यम से लोक संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे।
