47वें मंगल वर्षायोग का ऐतिहासिक शुभारंभ 2 अगस्त को, आचार्य श्री हेमसागरजी के सान्निध्य में सजेगा भव्य मंगल कलश स्थापना महोत्सव
पहली बार आर्यनंदी कॉलोनी बनेगी चातुर्मास की धर्मनगरी, श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से गूंजेगा छत्रपति संभाजीनगर
छत्रपति संभाजीनगर।
श्री 1008 चंद्रप्रभ खंडेलवाल दिगंबर जैन मंदिर, आर्यनंदी कॉलोनी, वेदांत नगर, रेलवे स्टेशन रोड, छत्रपति संभाजीनगर में परम पूज्य सिद्धांत चक्रवर्ती आचार्य श्री 108 हेमसागरजी गुरुदेव के 47वें मंगल वर्षायोग का भव्य शुभारंभ रविवार, 2 अगस्त 2026 को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ होगा। विशेष बात यह है कि आर्यनंदी कॉलोनी में पहली बार चातुर्मास एवं मंगल वर्षायोग का आयोजन हो रहा है, जिससे समूचे जैन समाज में अभूतपूर्व उत्साह और आध्यात्मिक आनंद का वातावरण व्याप्त है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य मंगल कलश स्थापना समारोह, आचार्य श्री हेमसागरजी गुरुदेव का पूजन, गुरु वंदना, मंगल आशीर्वचन एवं धर्मसभा सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। श्रद्धालुओं को परम पूज्य तपस्वी सम्राट आचार्य श्री 108 सन्मतिसागरजी गुरुदेव की पावन प्रेरणा और मंगल आशीर्वाद का भी सौभाग्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे भगवान जिनेंद्र देव के पंचामृत अभिषेक से होगा। इसके पश्चात 8:30 बजे आचार्य श्री सन्मतिसागरजी गुरुदेव के विधान का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2:00 बजे भव्य मंगल कलश स्थापना समारोह प्रारंभ होगा, जिसमें गुरु पूजन, गुरु वंदना, मंगल आशीर्वचन तथा विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा।
वर्षायोग के मुख्य संयोजक श्री संजय पापड़ीवाल ने बताया कि पूरे वर्षायोग के दौरान प्रतिदिन धर्मसभा, प्रवचन, स्वाध्याय, पूजन, विधान तथा विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, संस्कार और आत्मकल्याण की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने सकल दिगंबर जैन समाज से सपरिवार अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक एवं पुण्यमयी आयोजन का लाभ लेने तथा गुरुचरणों में अपनी श्रद्धा समर्पित करने का आग्रह किया।
मंगल कलश स्थापना समारोह के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था श्री शैलेन्द्र सेठी, अभिषेक सेठी, राजेश सेठी एवं प्रणय सेठी परिवार द्वारा की गई है।
यह संपूर्ण आयोजन श्री 1008 चंद्रप्रभ खंडेलवाल दिगंबर जैन मंदिर, आर्यनंदी कॉलोनी, वेदांत नगर, रेलवे स्टेशन रोड, छत्रपति संभाजीनगर एवं सकल दिगंबर जैन समाज, छत्रपति संभाजीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पियुष कासलीवाल ने भी सभी श्रद्धालुओं से इस भव्य, ऐतिहासिक एवं धर्ममय समारोह में सपरिवार सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी मो. 9929747312

