*जयपुर: हवेली की खुदाई में मिला खजाना! ठेकेदार की बिगड़ी नीयत सोने-चांदी के सिक्के से भरे 15 कलश गायब*
*19 जुलाई रविवार 2026-27*
*जयपुर:*
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक पुरानी हवेली में खुदाई के दौरान खजाना मिलने की बात सामने आई है. जानकारी के अनुसार, परकोटे में स्थित हवेली जर्जर हो चुकी थी. जिसको तोड़कर उसकी जगह नई बिल्डिंग बनाने का काम चल रहा था. इसी दौरान बुनियाद की खुदाई में सोने और चांदी के सिक्के से भरे घड़े मिलने का दावा किया गया. हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर हवेली में खुदाई के दौरान खजाने के मिलने की पुष्टि नहीं हो पाई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
*त्रिपोलिया बाजार में है हवेली:*
जयपुर के माणक चौक थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि त्रिपोलिया बाजार में जर्जर हो चुकी पुरानी हवेली को तोड़कर नई इमारत बनाया जाना था. इसके लिए एक ठेकेदार को काम सौंपा गया. जानकारी के मुताबिक, हवेली जयपुर में गांधी नगर के राहुल सेठी की है. हवेली मालिक ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और उसके साथियों ने खुदाई के दौरान मिली कीमती चीजों को आपस में बांट लिया.
*खुदाई में क्या-क्या मिलने का दावा:*
मालिक का दावा है कि इसमें करीब 40 से 45 किलो चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्कों से भरे 14 से 15 कलश और 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के शामिल थे. हवेली मालिक राहुल सेठी ने इसको लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई. राहुल ने पुलिस को बताया कि नई इमारत बनाने के लिए हवेली की तोड़ाई और खुदाई का काम ठेकेदार महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू को दिया गया था. रिपोर्ट के अनुसार, काम शुरू होने से पहले ठेकेदार को साफ तौर पर कहा गया था कि दीवार, नींव या मलबे से कोई भी कीमती चीज मिलने पर उसे परिवार को सौंपना होगा. पर जब खुदाई के दौरान कथित रूप से सोने और चांदी के सिक्के मिले तो इसके बारे में परिवार को जानकारी नहीं दी गई.
*करीब आधा दर्जन पर एफआईआर दर्ज:*
हवेली में काम करने वाले एक मजदूर ने उन्हें खुदाई के दौरान मिली संपत्ति के बारे में जानकारी दी. इसके बाद परिवार ने मामले की पड़ताल शुरू की. एफआईआर में ठेकेदार और उसके सहयोगियों अनुज, जगदीश, रजनी, रेहान, सुल्तान और पप्पू अजमेरा के नाम का जिक्र किया गया है. रिपोर्ट में खजाने में 40 से 45 किलो चांदी की सिल्लियों और हजारों पुराने चांदी के सिक्कों की मौजूदा बाजार कीमत सवा करोड़ रुपये से अधिक बताई गई हैं है. कथित तौर पर मिले सोने के सिक्कों का वजन और कीमत अभी स्पष्ट नहीं है. माणक चौक थाना अधिकारी राजेश के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और हवेली मालिक के बयान भी लिए जा चुके हैं. जिस कंपनी के जरिए यहां काम कराया जा रहा था, उसके मालिक और काम करने वाले मजदूरों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ होगी. शुरुआती जांच में यह जरूर सामने आ रहा है कि खुदाई के दौरान कुछ न कुछ निकला था. हालांकि वह क्या था? पुराने सिक्के थे या कोई दूसरी कीमती वस्तु, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित वीडियो और खुदाई के दौरान मिली वस्तुओं की जानकारी जुटा रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि अगर कोई कीमती सामान मिला था तो वह अब कहां है.

