इंदौर चातुर्मास की औपचारिक घोषणा: पूज्य सुधासागर महाराज के वर्षायोग हेतु ‘सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति’ का गठन

धर्म

इंदौर चातुर्मास की औपचारिक घोषणा: पूज्य सुधासागर महाराज के वर्षायोग हेतु ‘सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति’ का गठन

 

मक्सी पार्श्वनाथ अतिशय तीर्थ में आचार्य विद्यासागर महाराज के 59वें मुनि दीक्षा महोत्सव पर गुरुदेव के श्रीमुख से हुई घोषणा, इंदौर समाज में उत्साह की लहर

मक्सी पार्श्वनाथ।
आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के 59वें मुनि दीक्षा महोत्सव के पावन अवसर पर मक्सी पार्श्वनाथ अतिशय तीर्थ एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक क्षण का साक्षी बना। जगत पूज्य निर्यापक श्रमण मुनिश्री 108 सुधासागर महाराज के पावन सान्निध्य में न केवल आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रति श्रद्धा एवं विनयांजलि अर्पित की गई, बल्कि इंदौर में प्रस्तावित वर्षायोग (चातुर्मास) की औपचारिक घोषणा भी की गई।

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान पार्श्वनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। इसके पश्चात विशेष रूप से सुसज्जित मंच पर आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का पूजन एवं गुणानुवाद किया गया। इस अवसर पर गुरुदेव ने अपने श्रीमुख से इंदौर वर्षायोग के सफल संचालन हेतु “सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति” के गठन की घोषणा की।

समिति में मनीष गोधा, अशोक दोषी, आकाश जैन कोयला एवं हर्ष जैन (इंदौर) को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए। जैसे ही यह घोषणा हुई, तीर्थ परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित समाजजनों एवं पदाधिकारियों ने गुरुदेव को श्रीफल अर्पित कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

यह अवसर इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि आचार्य विद्यासागर महाराज के दीक्षा दिवस पर भगवान पार्श्वनाथ की अतिशयकारी प्रतिमा वाले मक्सी से इंदौर चातुर्मास की घोषणा हुई। इसे इंदौर जैन समाज के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।

 

 

गुरुदेव सुधासागर महाराज का विहार अब इंदौर की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में उनका मंगल प्रवास मक्सी पार्श्वनाथ तीर्थ में है। यहां से वे देवास की ओर विहार करेंगे और तत्पश्चात इंदौर पहुंचकर वर्षायोग (चातुर्मास) संपन्न करेंगे। गुरुदेव के आगमन को लेकर इंदौर सहित मालवा अंचल के श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और उल्लास का वातावरण है।

— अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *