*आचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश गोयल नगर स्थित शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में*
15 जुलाई।
गोयल नगर,इंदौर। प्राकृताचार्य राष्ट्र गौरव आचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज ससंघ का पावन विहार समवसरण मंदिर से प्रारंभ होकर गोयल नगर स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में अत्यंत भव्य एवं मंगलमय वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब आचार्य श्री के दर्शन एवं मंगल विहार का साक्षी बना।
विहार यात्रा के दौरान श्रद्धालु जयघोष एवं भक्ति के साथ आचार्य श्री ससंघ के पीछे-पीछे चलते रहे। मार्ग में स्थित विभिन्न जैन मंदिरों में दर्शन-वंदन करते हुए संघ ने पंच बाल्यति (पंच बाल्यकाल) मंदिर के भी दर्शन किए। संपूर्ण मार्ग धर्ममय वातावरण, श्रद्धा और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।
गोयल नगर स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचने पर समाजजनों ने आचार्य श्री ससंघ का भावपूर्ण एवं भव्य मंगल प्रवेश कराया। तत्पश्चात आचार्य श्री ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “जीवन की वास्तविक समृद्धि बाहरी वैभव में नहीं, बल्कि आत्मसंयम, स्वाध्याय और सदाचार में निहित है। जो व्यक्ति अपने भीतर की कषायों पर विजय प्राप्त कर लेता है, वही सच्चे अर्थों में विजेता बनता है। धर्म केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक क्षण अपने आचरण को पवित्र बनाने का नाम है।”

प्रवचन के उपरांत आचार्य श्री संसघ की पावन आहारचर्या निरंतराय सम्पन्न हुई। दोपहर में ससंघ स्वाध्याय का क्रम चला, जिसमें शास्त्र अध्ययन एवं आत्मचिंतन का लाभ श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया।

संध्याकालीन सत्र में आचार्य श्री ने श्रद्धालुओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए शंका-समाधान प्रदान किया। इसके पश्चात भक्ति-संगीत, स्तुति एवं मंगल आरती के साथ दिनभर के धार्मिक कार्यक्रमों का भक्तिमय समापन हुआ। पूरे दिन मंदिर परिसर में आध्यात्मिक उल्लास, अनुशासन और धर्ममय वातावरण बना रहा माही जैन धीरावत से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312

