शिरपुर जैन में मानव सेवा को नई दिशा: केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने किया नि:शुल्क वैद्यकीय उपकरण सेवा केंद्र का शुभारंभ

धर्म

शिरपुर जैन में मानव सेवा को नई दिशा: केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने किया नि:शुल्क वैद्यकीय उपकरण सेवा केंद्र का शुभारंभ

 

आचार्य विद्यासागरजी महाराज की प्रेरणा एवं आचार्य समयसागरजी महाराज के मंगल आशीर्वाद से जरूरतमंदों को मिलेगी निःशुल्क चिकित्सा उपकरणों की सुविधा

 

शिरपुर जैन (वाशिम, महाराष्ट्र)।

वाशिम जिले के मालेगांव तहसील स्थित शिरपुर जैन में परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागरजी महामुनिराज की प्रेरणा तथा परम पूज्य आध्यात्मविद्या शिरोमणि आचार्य श्री 108 समयसागरजी महाराज के मंगल आशीर्वाद से संत शिरोमणि दिगंबर जैनाचार्य श्री 108 विद्यासागरजी महाराज नि:शुल्क वैद्यकीय उपकरण सेवा केंद्र का भव्य शुभारंभ भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

 

 

शिरपुर जैन स्थित सहानुभूति हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र सभागार में आयोजित इस समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने सेवा केंद्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों तक आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्य है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

 

यह सेवा केंद्र ऐसे मरीजों के लिए समर्पित है, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कुछ समय के लिए चिकित्सा उपकरणों की आवश्यकता होती है। यहां जरूरतमंद नागरिकों को आवश्यक वैद्यकीय उपकरण सरलता से उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें आर्थिक राहत के साथ समय पर उपचार का लाभ मिल सकेगा।

 

 

 

इस सेवा केंद्र का आयोजन श्री अंतरिक्ष पार्श्वनाथ स्वामी दिगंबर जैन संस्थान, शिरपुर जैन के तत्वावधान में किया गया।

 

 

इस अवसर पर बाल ब्रह्मचारी तात्या भैया, बाल ब्रह्मचारिणी संगीता दीदी, बाल ब्रह्मचारिणी मोनू दीदी, चेतनजी बांडे, नायब तहसीलदार रंजना गोरे, एडवोकेट धनंजय रोकड़े, शिवसेना जिलाप्रमुख महादेवराव ठाकरे, उपजिलाप्रमुख संजय भुतेकर, मालेगांव तालुकाप्रमुख प्रदीप कुटे, तालुका समन्वयक विलासराव जाधव सहित शिरपुर जैन एवं आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में जैन श्रावक-श्राविकाएं तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

   अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *