पंचकल्याणक महोत्सव का समापन, विश्व शांति यज्ञ, गजरथ फेरी में शामिल हुए श्रद्धालु
गुना
नगर में आयोजित पंचमुखी पंचकल्याणक महोत्सव का सोमवार को भव्य, आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सर्वजन सुख-समृद्धि की कामना के साथ विशाल विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर विश्व में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार की कामना की। पूरे आयोजन स्थल पर धर्ममय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः कालीन अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन के साथ हुई। इसके बाद भगवान के मोक्ष कल्याणक का आयोजन संपन हुआ तथा हवन-पूजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात निर्यापक श्रमण मुनिश्री सुधासागर महाराज के पावन सानिध्य में भव्य गजरथ फेरी निकाली गई। सुसज्जित स्थों, धार्मिक ध्वजों, भजन-कीर्तन, मंगल गीतों और जयघोषों के साथ निकली शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। फेरी में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु भगवान के जयघोष करते हुए धर्म, अहिंसा, संयम, संस्कार और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाते नजर आए। महोत्सव के दौरान आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को नैतिक मूल्यों, सदाचार और आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा दी गई।इन सभी तीन मंजिला रथों के सबसे ऊपरी शिखर पर सौधर्म इंद्र, कुबेर, महायज्ञ नायक सहित अन्य मुख्य पात्र अत्यंत भक्ति भाव से श्रीजी (भगवान आदिनाथ की प्रतिमा) को अपनी गोदी में विराजमान किए हुए थे। इस विहंगम दृश्य के साक्षी बनने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा था।

सर्वोदय ज्ञानतीर्थ में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन
आयोजन समिति के अनुसार 23 एवं 24 जून को सर्वोदय ज्ञानतीर्थ स्थित श्री बाहुबली मंदिर, गौशाला एवं टोलनाका क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में पूजन-अर्चना, धार्मिक प्रवचन, सामूहिक आराधना तथा आध्यात्मिक गतिविधियां संपन्न होंगी। श्रद्धालुओं को धर्म, सदाचार और आत्मकल्याण के मार्ग पर प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष आयोजन रखे गए हैं। समिति ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों में सहभागिता करने और धर्म लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। आगामी कार्यक्रमों को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

मंगलवार को होगा मुनिश्री सुधासागर महाराज का विहार
पंचमुखी पंचकल्याणक महोत्सव के समापन के बाद निर्यापक श्रमण मुनिश्री सुधासागर महाराज का ससंघ मंगलवार प्रातः नसिया जी से मंगल विहार करेगा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है। आयोजन समिति ने बताया कि मुनिश्री के विहार को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं से समय पर उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया गया है। समिति के अनुसार मुनिश्री के सानिध्य में आगामी दिनों में भी धर्म, संयम, तप और आध्यात्मिक साधना से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे।

संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
