हाथों में हथकड़ी, आंखों पर पट्टी: वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को न्यूयॉर्क लाया गया, ड्रग तस्करी के आरोपों का सामना करेंगे
अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क लाया गया है। मादुरो को ग्रे ट्रैक्सूट पहने, हाथों में हथकड़ी और आंखों पर ब्लैकआउट गॉगल्स (पट्टी) लगाए देखा गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद ट्रुथ सोशल पर मादुरो की पहली तस्वीर जारी की।
डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क लाया गया है। मादुरो को ग्रे ट्रैक्सूट पहने, हाथों में हथकड़ी और आंखों पर ब्लैकआउट गॉगल्स (पट्टी) लगाए देखा गया।






अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद ट्रुथ सोशल पर मादुरो की पहली तस्वीर जारी की, जिसमें वे यूएसएस इवो जिमा जहाज पर दिख रहे हैं। ट्रंप ने कैप्शन में लिखा: “निकोलस मादुरो ऑन बोर्ड द यूएसएस इवो जिमा।”
यह अभियान शनिवार तड़के शुरू हुआ, जब अमेरिकी सेना ने काराकस में बड़े पैमाने पर हमले किए। मादुरो दंपति को उनके बेडरूम से घसीटकर बाहर निकाला गया और यूएस वारशिप पर ले जाया गया।
बाद में उन्हें न्यूयॉर्क के स्टीवर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर उतारा गया, जहां से हेलिकॉप्टर से मैनहट्टन ले जाया जाएगा। मादुरो को मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, जहां सोमवार को कोर्ट में पेशी होगी।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी पर नारको-टेररिज्म, कोकेन आयात साजिश और हथियारों से जुड़े आरोप हैं। 2020 से चले आ रहे इंडिक्टमेंट को अपडेट कर नया अभियोग दायर किया गया है। ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अमेरिका वेनेजुएला को तब तक चलाएगा जब तक सुरक्षित ट्रांजिशन नहीं हो जाता।” उन्होंने वेनेजुएला के तेल भंडारों का जिक्र कर अमेरिकी कंपनियों की भूमिका की बात की।

