सांसद खेल महोत्सव पुरुष में चेचट तो महिला वर्ग में ढाबादेह रही कबड्डी की विजेता

खेल

सांसद खेल महोत्सव पुरुष में चेचट तो महिला वर्ग में ढाबादेह रही कबड्डी की विजेता

रामगंजमंडी 9 दिसंबर।

कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र में चल रहे सांसद खेल महोत्सव का दूसरा चरण मंगलवार से विधानसभा स्तर पर शुरू हुआ। इस दौरान पूरे जिले में खेल का जुनून चरम पर दिखाई दिया। रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के मंडल स्तर से विजई होकर आई टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना और टीम स्पिरिट का शानदार प्रदर्शन किया। शहर के साबू क्रीड़ांगन में आयोजित खेल महोत्सव के विधानसभा स्तरीय उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल रहे।

 

 

अध्यक्षता खेल महोत्सव के विधानसभा संयोजक ललित शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि उप जिला प्रमुख कृष्णगोपाल अहीर, खैराबाद पंचायत समिति प्रधान कलावती मेघवाल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर खटाना एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कृति मेहरोत्रा रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन करके किया। तत्पश्चात खेल महोत्सव के विधानसभा संयोजक ललित शर्मा ने आयोजन के विधिवत उद्घाटन की घोषणा की। 

 

खेल महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते अतिथि।

खेल प्रतिभाओं को मंच देना उद्देश्य -: 

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है जिसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। महोत्सव के माध्यम से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। जल्द ही ये प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिलेभर से कुल 21,613 खिलाड़ियों ने खेल महोत्सव में भाग लिया है। इतनी बड़ी भागीदारी ने साबित किया कि जिले में खेलों के प्रति उत्साह और ऊर्जा अभूतपूर्व स्तर पर है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ भी दिलाई।

 

चेचट ने ढाबादेह को दी बड़े अंतर से पटखनी -:

खेल महोत्सव में विधानसभा स्तर पर मंगलवार को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें चेचट की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं कबड्डी (महिला वर्ग) में ढाबादेह की टीम विजेता रही। इस मौके पर पुरुष वर्ग में मंडल स्तर से विजई होकर आई टीमों के बीच विधानसभा स्तर की खेल प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें पहला मैच ढाबादेह और सुकेत के मध्य खेला गया। मैच के पूर्वार्द्ध और उत्तरार्द्ध दोनों काल में ढाबादेह की टीम ने बढ़त बनाए रखी और मुकाबले को 37 – 25 के अंतर रहते हुए 12 अंकों से जीत लिया। इसी प्रकार अगले मैच में चेचट की टीम ने 57 – 33 के बड़े अंतर से खैराबाद को पटखनी देते हुए 24 अंकों से विजय होकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल मैच में चेचट का मुकाबला ढाबादेह से हुआ। दोनों ही टीमें शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में पहुंची थी लेकिन खिताबी मुकाबले में चेचट के टीम खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और 53 – 14 के बड़े मार्जिन को हासिल करके 39 अंकों के बड़े अंतर से ढाबादेह की टीम को हराया। इस अवसर पर खैराबाद पंचायत समिति की उपप्रधान स्वाति मीणा, भाजपा नगर अध्यक्ष शैलेष काला, महामंत्री उमेश माहेश्वरी, पंचायत समिति सदस्य नवनीत पारेता, धर्मपाल घाटोड, लोकेश आचोलिया, पप्पू मराठा, सुधीर सुनेजा, पार्षद रामेश्वर अहीर, कालूराम धाकड़, शब्बीर भाई, प्रमोद पंडित, योगेश नवरंग, चंदू चश्मा वाला, लाला पाटीदार, नीलम कौशिक और प्रहलाद मीणा ने भी उपस्थित रहकर खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर खैराबाद स्थित खेल मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ जहां बुधवार सुबह पहला मैच ढाबादेह और सुकेत के बीच खेला जाएगा तत्पश्चात दूसरे मैच का आयोजन रामगंजमंडी और खैराबाद की टीमों के बीच होगा। 

       

. कबड्डी प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला और महिला वर्ग की विजेता टीम ढाबादेह के साथ अतिथिगण।

लोकसभा स्तर पर अपना हुनर दिखाएंगी विजेता प्रतिभाएं –:

कोटा बूंदी सांसद खेल महोत्सव के लोकसभा संयोजक विशाल शर्मा ने बताया कि विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले रही खेल प्रतिभाओं में जो टीमें विजई होंगी वे कोटा में आयोजित होने वाले लोकसभा खेल महोत्सव में प्रवेश पाएंगी। प्रतियोगिता में क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, रस्सा-कस्सी और एथलेटिक्स जैसी विभिन्न स्पर्धाएं होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *