श्री महावीर जी स्टेशन पुनर्निर्माण कार्य:9 फीट ऊंची तांबे की 1400 किलो की भगवान महावीर की प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र
कोटा। अमृत भारत योजना के तहत विश्व प्रसिद्ध दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र के श्री महावीर जी स्टेशन का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। कोटा मंडल के इस स्टेशन पर प्रमुख आकर्षण का केंद्र श्री भगवान महावीर जी की प्रतिमा होगी। 9 फीट ऊंची तांबा धातु की बनी करीब 1400 किलो की यह पद्मासन प्रतिमा स्टेशन परिसर में कमल के आसन पर स्थापित होगी। कमल का यह आसान बिजोलिया पत्थर का बनाया जा रहा है।
प्रतिमा के लिए एक गोलाकार चबूतरा बनाया जा रहा है। इस चबूतरे पर भरतपुर के बंसी पहाड़ पुर के पत्थर से भगवान महावीर के लिए कलात्मक छतरी बनाई जा रही है। छतरी का तोरण द्वार, मंडप तथा भामंडल आदि आकर्षक नक्काशी का कार्य किया जाएगा। छतरी एवं प्रतिमा की सुरक्षा के लिए सर्किल के ऊपर रेलिंग लगाई जाएगी। इसके अलावा सर्किल के अंदर ग्रीन बेल्ट भी बनाई जाएगी।
जयपुर में बन रही प्रतिमा
यहां स्थापित होने वाली भगवान की प्रतिमा का निर्माण जयपुर में हो रहा है। यहां शिल्पकार संतोष शर्मा इस प्रतिमा को गढ़ रहे हैं। प्रतिमा का काम लगभग पूरा हो चुका है। चबूतरे का काम पूरा होते ही इस प्रतिमा को स्थापित कर दिया जाएगा। काम का निर्देशन समाज के प्रसिद्ध वास्तुविद राजकुमार कोठारी द्वारा किया जा रहा है।
इस पूरे कार्य की निगरानी रेलवे अधिकारियों के अलावा श्री महावीर जी अतिशय क्षेत्र द्वारा भी की जा रही है।
शनिवार को भी अतिशय क्षेत्र पदाधिकारी ने जयपुर पहुंचकर प्रतिमा का अवलोकन किया।प्रतिमा का अवलोकन करने वालों में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र जैन नृपत्या, श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी की प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल, जस्टिस एनके जैन, पूर्व अध्यक्ष एसके जैन तथा सेवानिवृत्ति आईपीएस एवं उपाध्यक्ष सुभाष जैन जौहरी आदि पदाधिकारी शामिल थे।
स्टेशन को जैन तीर्थ स्थल का स्वरूप
उल्लेखनीय है कि महावीर स्टेशन का पुनर्निर्माण कार्य कार्य करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। छत पर छतरियां लगाकर स्टेशन को जैन तीर्थ स्थल का स्वरूप दिया जा रहा है। इसके अलावा श्री महावीर जी में स्टेशन के बाहर विशाल सिंह द्वारा भी बनाया जाएगा।
यहां पर यात्रियों के लिए स्मार्ट टिकटिंग, एआई निगरानी प्रणाली तथा ईवी चार्जिंग स्टेशन आदि आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा जाएंगी। रेलवे का प्रयास है कि श्री महावीर जी स्टेशन को धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए यहां पर स्थानीय संस्कृति और कला को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं। साथ ही यहां पर कैफे, रिटेल स्टोर्स आदि में रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जाएंगे।
संकलित जानकारी के साथ अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312







